आजमगढ़: पशुशाला में गोकशी करने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार, अंबेडकर नगर से जुड़ा गिरोह
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ के अतरौलिया थाना पुलिस ने गोरथानी गांव में पशुशाला में घुसकर गोकशी की घटना को अंजाम देने वाले एक अंतर-जनपदीय गिरोह के दो अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। इन दोनों को पुलिस ने मंडोही-गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा।
आपको बता दें कि बीते 8 नवंबर 2025 को अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोरथानी गांव में स्थित पशुशाला का ताला तोड़कर अंदर घुसे अपराधियों ने वहां बंधे दो गोवंशों का वध किया और मांस लेकर कार से फरार हो गए थे। बाद में उन्होंने मांस बेचकर पैसे आपस में बांट लिए थे।
गिरफ्तार आरोपी
- इरफान निवासी कौड़ाही, थाना बसखारी, जिला अंबेडकर नगर।
- शहजादे आलम उर्फ चांद निवासी मोहल्ला अब्दुल कलाम नगर, अतरौलिया।
अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि पूछताछ में गिरफ्तार अपराधियों ने स्वीकार किया कि वे अपने साथियों आरिफ, एकलाख, शमीम और करीम (सभी अंबेडकर नगर निवासी) के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से इस गोकशी की घटना को अंजाम देते थे।
आपराधिक इतिहास और बरामदगी
गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है, जिससे उनके संगठित गिरोह का हिस्सा होने की पुष्टि होती है। आरोपी इरफान पर आजमगढ़ के विभिन्न थानों में गोकशी सहित अन्य आपराधिक मामलों के कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। शहजादे आलम उर्फ चांद पर भी गोकशी सहित दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बदमाशों के पास से घटना में प्रयुक्त दो चापड़ (तेजधार हथियार) और ₹10,500 नकद बरामद किए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के शेष फरार सदस्यों (आरिफ, एकलाख, शमीम और करीम) की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही है।
Also Read: बम की सूचना पर भदोही स्टेशन पर रोकी गई काशी दादर एक्सप्रेस, मची अफरा-तफरी

