Azamgarh News: ‘हम शिक्षक हैं, क्लर्क नहीं’, गैर-शैक्षणिक कार्यों से नाराज शिक्षकों का प्रदर्शन
Sandesh Wahak Digital Desk: आजमगढ़ जिले में शिक्षकों की मतदाता सूची संबंधित ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में शिक्षक सदर तहसील पहुंचे। शिक्षकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर इस निर्णय का विरोध जताया और इसे विद्यार्थियों की शिक्षा के हित में प्रतिकूल बताया।
ज्ञापन में शिक्षकों ने कहा कि उनका मुख्य कार्य विद्यालयों में शिक्षण कार्य करना है, लेकिन बार-बार उन्हें निर्वाचन, जनगणना, पल्स पोलियो जैसे गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है। इससे विद्यालयों में पढ़ाई प्रभावित हो रही है और छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
शिक्षकों ने यह भी उल्लेख किया कि उच्च न्यायालय ने पूर्व में आदेश दिया है कि शिक्षकों को गैर-शैक्षणिक कार्यों से मुक्त रखा जाए, इसके बावजूद प्रशासन द्वारा उन्हें मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगाए जाने की तैयारी की जा रही है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि शिक्षकों को केवल शिक्षण कार्यों में ही लगाया जाए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके।
ज्ञापन सौंपने वालों में अनिल कुमार सिंह (अध्यक्ष, जहानागंज), शिव प्रकाश चौबे (मंत्री, जहानागंज), अवध राज सिंह (जिला उपाध्यक्ष), प्रमोद लाल श्रीवास्तव (अध्यक्ष, सठियांव ब्लॉक), राजेश सिंह (अध्यक्ष, ब्लॉक पलहनी), संतोष राय (मंत्री, ब्लॉक पलहनी), विकास सिंह (उपाध्यक्ष) और राहुल सिंह सहित कई शिक्षक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- राम अवतार उपाध्याय
Also Read: Lucknow News: अलीगंज CHC में मचा बवाल, नर्स के बेटे ने सीनियर डॉक्टर को जड़े थप्पड़

