राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भड़के बाबा बागेश्वर, बोले- चोरों का होगा सर्ववंश नाश

Sandesh Wahak Digital Desk: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावा चोरी होने के मामले पर बागेश्वर धाम के प्रमुख पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने गहरा आक्रोश व्यक्त किया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि इस घृणित कृत्य से करोड़ो राम भक्तों की आस्था और सनातन परंपराओं को गहरी ठेस पहुँची है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि भगवान के घर में चोरी करने वालों को ईश्वर की तरफ से महादंड मिलना तय है। इतिहास गवाह है कि जब रावण ने माता सीता का हरण किया था, तो उसके पूरे वंश का समूल नाश हो गया था, ठीक इसी तरह राम मंदिर के पैसे पर डाका डालने वालों का भी हश्र होगा।

संत परंपरा के योग्य लोगों को ही सौंपी जाए प्रबंधन की जिम्मेदारी

धीरेंद्र शास्त्री ने मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर एक बड़ा सुझाव भी दिया। उन्होंने मांग की कि इस घटना के बाद अब राम मंदिर की सेवा और प्रबंधन की पूरी जिम्मेदारी किसी प्रशासनिक अधिकारी के बजाय संत परंपरा के योग्य लोगों को ही सौंपी जानी चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय मुस्लिमों को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें इंडोनेशिया के समाज से सीख लेनी चाहिए। इंडोनेशिया में पांच वक्त की नमाज के साथ-साथ सभी धार्मिक परंपराओं का सम्मान होता है। वहाँ मुस्लिम बहुल आबादी होने के बाद भी हिंदू नववर्ष पर लाउडस्पीकर से अजान नहीं पढ़ी जाती ताकि हिंदुओं के 24 घंटे के मौन व्रत में बाधा न आए। उन्होंने साफ कहा कि सनातन को नुकसान पहुँचाने वाले दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए।

गौरतलब है कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के इस हाई-प्रोफाइल मामले में पुलिस अब तक 8 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। इस पूरे विवाद के बाद श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत दो प्रमुख पदाधिकारियों ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, चंपत राय ने अयोध्या पुलिस को दिए अपने बयान में इस चोरी में किसी भी तरह की संलिप्तता से साफ इनकार किया है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

Also Read: ईरान युद्ध के बाद मोदी सरकार का बड़ा मास्टर प्लान, तेल संकट से ऐसे बचेगा भारत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.