लखनऊ में गरजा बाबा का बुलडोजर, 2 करोड़ की सरकारी जमीन से हटा अवैध कब्जा
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में सरकारी जमीनों को भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों से मुक्त कराने के लिए नगर निगम ने अपना अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को नगर आयुक्त गौरव कुमार के निर्देश पर सरोजनी नगर इलाके में एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 2 करोड़ रुपये की बाजार कीमत वाली सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।

बिजनौर गांव में हुई बड़ी कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई सरोजनी नगर तहसील के ग्राम बिजनौर में हुई। यहां गाटा संख्या 376स (क्षेत्रफल 0.608 हेक्टेयर) की भूमि राजस्व अभिलेखों में ‘बंजर’ दर्ज है, जो सरकारी संपत्ति है। प्रशासन को खबर मिली थी कि कुछ रसूखदार लोगों ने इस बेशकीमती जमीन पर कब्जा कर लिया है।
अतिक्रमण का तरीका
जमीन पर अवैध रूप से अस्थायी प्लॉटिंग कर दी गई थी।
कब्जे को पक्का करने के लिए बाउंड्रीवाल खड़ी कर ली गई थी।
मौके पर टीन शेड डालकर मकान का निर्माण भी शुरू कर दिया गया था।
जेसीबी से ढहाया गया अवैध निर्माण
अपर नगर आयुक्त पंकज श्रीवास्तव और एसडीएम (सरोजनी नगर) अंकित शुक्ला के नेतृत्व में नगर निगम और राजस्व विभाग की एक संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। किसी भी विरोध से निपटने के लिए नगर निगम की ईटीएफ (ETF) फोर्स को भी तैनात किया गया था। नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश की मौजूदगी में जेसीबी मशीनों ने अवैध रूप से बनी दीवारों और टीन शेड को जमींदोज कर दिया। इस कार्रवाई के बाद लगभग 0.200 हेक्टेयर जमीन को पूरी तरह खाली कराकर प्रशासन ने अपने कब्जे में ले लिया है।
नगर आयुक्त की चेतावनी: “अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं”
नगर आयुक्त गौरव कुमार ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा “शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। हम जनता से भी अपील करते हैं कि वे सरकारी भूमि पर कब्जा न करें और यदि कहीं ऐसा हो रहा है, तो तुरंत नगर निगम को सूचित करें।”
Also Read: UP News: स्टेशन पर ‘रील्स’ बनाना पड़ा भारी, पूरनपुर रेलवे स्टेशन पर वीडियो वायरल करने वाले 5 गिरफ्तार

