Badaun News: पुलिस मुठभेड़ में सरेंडर करने वाले हत्यारोपी के दोनों पैर में लगी गोली, सिपाही भी घायल
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में एचपीसीएल प्लांट के डीजीएम और डिप्टी मैनेजर की हत्या के मामले में आरोपी अजय प्रताप सिंह के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई है। खास बात यह है कि आरोपी ने कल ही जुर्म करने के बाद थाने जाकर सरेंडर किया था, लेकिन जब पुलिस उसे हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद कराने ले गई, तो उसने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया।
सीओ उझानी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अजय प्रताप सिंह प्लांट में वेंडर का काम करता था। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि प्लांट प्रबंधक सुधीर गुप्ता (DGM) और हर्षित मिश्रा (डिप्टी मैनेजर) ने उसे नौकरी से निकाल दिया था। इतना ही नहीं, उसके खिलाफ थाने में मुकदमा भी दर्ज करा दिया था। इसी रंजिश में वह तमंचा लेकर ऑफिस पहुँचा और दोनों अधिकारियों की गोली मारकर हत्या कर दी।
हथियार बरामदगी के दौरान एनकाउंटर
गिरफ्तारी के बाद पुलिस अजय को लेकर मुडसैना के जंगल में पहुँची, जहाँ उसने हत्या में इस्तेमाल तमंचा छिपाने की बात कही थी। जैसे ही हथियार बरामद हुआ, आरोपी ने मौका पाकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस अचानक हुए हमले में सिपाही ओमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो अजय प्रताप के दोनों पैरों में लगी।
मुठभेड़ के बाद घायल सिपाही और आरोपी, दोनों को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मौके से अवैध हथियार और खोखे बरामद कर लिए हैं। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और मामले की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है।
Also Read: Paid Period Leave पर सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, कहा- महिलाओं को कमजोर मत समझिए

