बागपत एनकाउंटर: चर्चित अनुज नैण हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

Sandesh Wahak Digital Desk: बागपत जनपद में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बागपत पुलिस और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) की टीम ने देर रात निबाली क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के बाद दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान, SOG प्रभारी बाल-बाल बच गए।

अनुज नैण हत्याकांड में थी पुलिस को तलाश

पुलिस अधीक्षक (SP) बागपत सूरज कुमार राय ने बताया कि गिरफ्तार किए गए बदमाशों ने हाल ही में हुई अनुज नैण की हत्या और कार लूट की वारदात को अंजाम दिया था। मृतक अनुज नैण का शव 9 सितंबर को थाना कोतवाली बागपत क्षेत्र में मिला था। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से ही पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में थी और इसके लिए छह टीमें गठित की गई थीं।

गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आर्यन (पुत्र संतराम) और आदिल (पुत्र हाकम अली), दोनों निवासी गांव निबाली, थाना कोतवाली बागपत, के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका मृतक अनुज नैण से पैसों और आपसी विवाद को लेकर पुराना झगड़ा चल रहा था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उन्होंने अनुज को रास्ते में रोका, उसकी गोली मारकर हत्या कर दी और उसकी कार लेकर फरार हो गए।

बरामदगी और आगे की कार्रवाई

मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने मृतक की लूटी गई कार (जो हत्या में इस्तेमाल हुई थी), दो मोबाइल फोन, दो अवैध तमंचे, तथा जिंदा व खोखे कारतूस बरामद किए हैं।

SP सूरज कुमार राय ने बताया कि दोनों आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उन्हें रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ करेगी, ताकि उनके अन्य साथियों और अवैध असलहा सप्लाई नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा सके। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.