बागपत: महिला टीचर ने खून से लिखा पत्र, कॉलेज प्रबंधक पर उत्पीड़न का आरोप लगा राष्ट्रपति से मांगी ‘इच्छा मृत्यु’
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। यहां ‘हजारी लाल इंटर कॉलेज’ की एक महिला शिक्षिका ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए अपने खून से लिखा ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा है। न्याय न मिलने से आहत शिक्षिका ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सपरिवार इच्छा मृत्यु की गुहार लगाई है।
क्या है पूरा मामला?
वर्ष 2022 में नियुक्त हुई पीड़िता शिक्षिका नेहा (नाम परिवर्तित) का आरोप है कि कॉलेज के प्रबंधक राजेंद्र सिंह भाटी उन्हें लंबे समय से मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे हैं। पीड़िता के अनुसार, उन्होंने इस प्रताड़ना की शिकायत जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक से की, लेकिन आरोपी के रसूख के कारण अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। सोमवार को भारी संख्या में सर्वसमाज के लोगों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं शिक्षिका ने विरोध स्वरूप अपना खून निकाला और उससे राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखकर न्याय की मांग की।
शिक्षिका के समर्थन में आए लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय के बाहर कॉलेज प्रबंधक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब एक शिक्षित महिला सुरक्षित नहीं है और उसे न्याय के लिए अपना खून बहाना पड़ रहा है, तो यह व्यवस्था पर बड़ा सवालिया निशान है।
प्रशासन का आश्वासन
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी अस्मिता लाल ने स्वयं ज्ञापन स्वीकार किया। उन्होंने शिक्षिका को ढांढस बंधाया और आश्वासन दिया कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहराई से जांच कराई जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। शिक्षिका की सुरक्षा और मानवाधिकारों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
Also Read: नेपाल सीमा पर फर्जी IAS चढ़ा पुलिस के हत्थे, लाल बत्ती की धौंस दिखाकर ‘कैसीनो’ जा रहे 5 गिरफ्तार

