Baghpat News: सेना के जवान की कार पेड़ से टकराकर खाई में पलटी, मौके पर मौत

Baghpat News: मेरठ-बागपत हाईवे पर स्थित कुराली साईं मंदिर के पास शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। इस हादसे में भारतीय सेना में तैनात एक जवान की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान बुलंदशहर जिले के खुर्जा थाना क्षेत्र के हजरतपुर गाँव निवासी राहुल (पुत्र जगबीर) के रूप में हुई है। राहुल की पत्नी प्रीति यूपी पुलिस में हैंड कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं और बागपत जिले में कार्यरत हैं।

जानकारी के अनुसार, जवान राहुल शुक्रवार की सुबह मेरठ की ओर से अपनी पत्नी प्रीति से मिलने के लिए अपनी कार से बागपत जा रहे थे। बागपत रोड स्थित साईं मंदिर के पास पहुँचते ही उनकी कार सामने से आ रहे एक वाहन से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। कार सड़क किनारे स्थित दो पेड़ों से टकराई और अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जाकर पलट गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सेना के जवान राहुल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शव का पंचनामा भरा और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दुर्घटना के कारण मेरठ-बागपत मार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति भी बन गई थी। पुलिस मामले की जाँच कर रही है।

Also Read: चिंताओं के बावजूद पाकिस्तान को 1.2 बिलियन का नया IMF लोन मंजूर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.