बागपत तिहरे हत्याकांड का 6 घंटे में खुलासा, पिटाई से भड़के 2 छात्रों ने तीन को उतारा मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के गांगनौली गांव स्थित मस्जिद के कमरे में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने महज छह घंटे में पर्दाफाश कर दिया है। मस्जिद के मौलाना की पत्नी और दो मासूम बेटियों की हत्या के आरोप में पुलिस ने दो नाबालिग छात्रों को हिरासत में लिया है।

पुलिस के अनुसार, हत्या की वजह बेहद चौंकाने वाली है पढ़ाई में गलती करने पर मौलाना द्वारा अक्सर की जाने वाली पिटाई का बदला।

क्रूरता से दिया गया वारदात को अंजाम

पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार नाबालिग छात्रों ने कबूल किया कि उन्होंने मौलाना इब्राहिम की गैरमौजूदगी में उनके परिवार को निशाना बनाया। उन्होंने बताया कि शनिवार को मौलाना उन्हें पीटकर अफगानिस्तान के विदेश मंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए देवबंद चले गए थे। मौलाना के जाते ही एक छात्र ने अपने दोस्त को वहां बुला लिया और दोनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई।

दोनों बाल अपचारी अपने घर से हथौड़ा और छुरी लेकर आए। गुस्से में पागल दोनों छात्रों ने रात में मस्जिद के ऊपरी हिस्से के कमरे में सो रहीं मौलाना की पत्नी इसराना, बेटी सोफिया और सुम्या पर सोते समय बेरहमी से हमला किया। उन्होंने हथौड़े और छुरी से वार कर तीनों को तड़पा-तड़पाकर मौत के घाट उतार दिया।

वारदात के बाद, उन्होंने मौलाना की दोनों बेटियों के शवों को एक चारपाई पर रखा, जबकि पत्नी के शव को फर्श पर डाल दिया। शनिवार दोपहर घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस ने कमरे में हर तरफ खून बिखरा देखा, जिससे वारदात की क्रूरता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है।

सीसीटीवी फुटेज से मिली मदद

बागपत के एसपी सूरज राय ने बताया कि इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड के खुलासे के लिए सात विशेष टीमें गठित की गई थीं। फील्ड यूनिट ने फिंगरप्रिंट और डीएनए के नमूने जुटाए। पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज की जांच के दौरान एक नाबालिग पर संदेह हुआ, जो कैमरा बंद करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने जब उस नाबालिग को पकड़कर पूछताछ की, तो उसने अपराध स्वीकार कर लिया और घटना में शामिल अपने दूसरे दोस्त की जानकारी भी दी। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल किए गए हथौड़ा और एक छुरी को बरामद कर लिया गया है। पुलिस अब आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Also Read: सीएम योगी ने की ‘गोमती पुनर्जीवन मिशन’ की घोषणा, अधिकारियों संग विस्तृत कार्ययोजना पर हुई चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.