Bahraich News: घर के पास खेल रही 3 साल की मासूम पर जंगली जानवर का हमला, दहशत में ग्रामीण
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले की कैसरगंज तहसील में स्थित बदरौली भगतराम पुरवा गाँव में सोमवार दोपहर करीब 1 बजे एक दर्दनाक घटना हुई। घर के सामने खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची चाँदनी पर एक जंगली जानवर ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची की चीख सुनकर उसके परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर दौड़े। ग्रामीणों के पीछा करने पर जानवर घर से लगभग दो सौ मीटर दूर मासूम को छोड़कर भाग गया।
बच्ची के सीने और पीठ पर घाव
बच्ची चांदनी के पिता राम कुमार ने बताया कि हमले में मासूम के सीने और पीठ के हिस्से पर गहरे घाव हो गए हैं। घायल बच्ची को तत्काल इलाज के लिए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
हालांकि, हमला किस जानवर ने किया, इसका स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन पूरे इलाके में पिछले चार सप्ताह से आदमखोर भेड़िए का आतंक व्याप्त है। इस घटना से ग्रामीणों में एक बार फिर दहशत का माहौल है।
वन विभाग ने टीम भेजी
घटना की सूचना मिलने के बाद प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) राम सिंह यादव ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि जंगली जानवर के हमले की सूचना मिली है और जांच तथा आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग की टीम को तत्काल मौके पर भेजा जा रहा है।
Also Read: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान, दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान, 14 को मतगणना

