Bahraich News: सीएम योगी का ‘PDA’ पर कड़ा प्रहार, बोले- पिछली सरकारों ने केवल परिवारवाद को पाला
भरथापुर के 136 परिवारों को मिली 21 करोड़ की सौगात, दूसरी तरफ यूपी में 'पेट्रोल पैनिक' बलरामपुर से अयोध्या तक पंपों पर उमड़ी भारी भीड़
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहराइच के मिहींपुरवा में जंगलों और नदियों से घिरे गांव भरथापुर के ऐतिहासिक विस्थापन और पुनर्वास कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान सीएम ने समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर तीखा हमला बोला। वहीं, दूसरी ओर उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों के चलते पेट्रोल पंपों पर हाहाकार मच गया है।
विस्थापन का अंत: 21 करोड़ रुपये की सहायता
मुख्यमंत्री ने भरथापुर गांव के 136 परिवारों का सुरक्षित पुनर्वास सुनिश्चित करते हुए उन्हें 21 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता सौंपी। यह गांव तीन तरफ से नदियों और जंगलों से घिरा होने के कारण दशकों से मूलभूत सुविधाओं से वंचित था। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार का लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुँचाना है।
“यादव और मौर्य समाज की केवल उपेक्षा हुई”
सपा के चुनावी नारे ‘PDA’ पर पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा पिछली सरकारों ने सामाजिक न्याय के नाम पर केवल अपने परिवार का भला किया। सीएम ने कहा कि पिछली सरकारों में यादव, मौर्य और दलित समाज की केवल उपेक्षा हुई। उन्हें वोट बैंक समझा गया, लेकिन विकास की मुख्यधारा से दूर रखा गया।
यूपी में ईंधन का ‘हाहाकार’: अफवाहों से बढ़ी ‘पैनिक बाइंग’
मुख्यमंत्री के संबोधन के बीच, उत्तर प्रदेश के कई शहरों से पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत की खबरें आ रही हैं। ईंधन खत्म होने की अफवाह ने लोगों को सड़कों पर उतार दिया है।
बलरामपुर जिले के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ‘नो स्टॉक’ के बोर्ड लटक गए हैं, जिससे आम जनता को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धार्मिक नगरी अयोध्या में ईंधन भरवाने के लिए पंपों पर किलोमीटर लंबी कतारें देखी जा रही हैं। लोग ड्रम और बोतलों में तेल भरने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन की अपीलों के बावजूद ‘पैनिक बाइंग’ के चलते पंपों पर आफत जैसी स्थिति बनी हुई है।
Also Read: दिल्ली-नोएडा नहीं, UP में है दुनिया का सबसे ज्यादा प्रदूषित शहर, प्रदूषित देशों में टॉप 10 में भारत

