Bahraich News: अस्पताल में डॉक्टर नदारद, कमरे में घुसा सांड, कागजात चट कर गया

Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में रविवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई, जब मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) सुजौली, कारीकोट न्याय पंचायत में डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी समय पर नहीं पहुंचे। सुबह पीएचसी पर तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने चिकित्सक और अन्य कर्मचारियों के कमरे का ताला खोला और वहां से चला गया। इसके बाद अस्पताल पूरी तरह खाली पड़ा रहा।

न डॉक्टर पहुंचे और न ही स्वास्थ्य कर्मचारी

दोपहर 1 बजे तक इंतजार करने के बाद भी न तो डॉक्टर पहुंचे और न ही अन्य स्वास्थ्य कर्मचारी। इस दौरान इलाज कराने आए मरीज काफी देर तक इंतजार करते रहे और मायूस होकर वापस लौट गए। पूरे परिसर में न कोई चिकित्सकीय सेवा उपलब्ध थी और न ही कोई जवाबदेह मौजूद। इसी बीच, एक आवारा सांड अस्पताल में घुस आया। हैरानी की बात यह रही कि वह सीधे चिकित्सक के कमरे में चला गया और वहां रखे कागजात खाने लगा। कमरे में कागज बिखर गए और फाइलों का ढेर अस्त-व्यस्त हो गया। उपस्थित कुछ लोगों ने यह नजारा अपने मोबाइल में कैद कर लिया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सांड बड़े आराम से कागज चबा रहा है और कमरे में इधर-उधर घूम रहा है।

सांड अस्पताल में उत्पात मचाता रहा

करीब आधे घंटे तक सांड अस्पताल में उत्पात मचाता रहा। वह कभी टेबल पर रखे कागज गिरा देता, तो कभी फाइलों में मुंह डालकर कागज खा लेता। इस दौरान वहां मौजूद लोग डर के कारण कमरे में जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। अंततः सांड खुद ही बाहर निकल गया, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

कर्मचारियों की लापरवाही बनी हुई है

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र में लंबे समय से डॉक्टरों और कर्मचारियों की लापरवाही बनी हुई है। समय पर स्वास्थ्य सेवाएं न मिलने से मरीज परेशान रहते हैं। इस घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले जैसे महत्वपूर्ण आयोजन के दिन भी इस तरह की लापरवाही पर ग्रामीणों में नाराजगी है। अब यह वीडियो वायरल हो चुका है और लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि स्वास्थ्य केंद्र में समय पर डॉक्टर और स्टाफ मौजूद होते, तो ऐसी शर्मनाक स्थिति पैदा न होती।

 Also Read: हम अब वो हथियार बना रहे हैं, जो पहले विदेशों से खरीदते थे: राजनाथ सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.