Bahraich News: आर्थिक अपराधियों पर EOW का शिकंजा, 17.5 करोड़ के घोटाले में 4 गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में आर्थिक अपराधों से जुड़े अपराधियों पर आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (EOW) का शिकंजा लगातार कस रहा है। बुधवार को EOW ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बहराइच के सरकारी मेडिकल कॉलेज निर्माण में हुए 17.51 करोड़ रुपये के घोटाले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

क्या है मेडिकल कॉलेज घोटाला?
यह मामला बहराइच के महाराज सुहेलदेव स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण से जुड़ा है। आरोप है कि राजकीय निर्माण निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलीभगत करके फर्जी दस्तावेजों के जरिए भवन निर्माण सामग्री खरीदने का दिखावा किया।
जांच में पता चला कि न तो कोई सामग्री खरीदी गई और न ही निर्माण स्थल पर भेजी गई, फिर भी 17.51 करोड़ रुपये का गबन कर लिया गया। शासन के निर्देश पर इस मामले की जांच EOW को सौंपी गई थी। जांच के बाद आरोपी ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, मेराज अहमद, प्रांशु श्रीवास्तव और निजामुद्दीन को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

छात्रवृत्ति घोटाले में मदरसे का प्रिंसिपल गिरफ्तार
EOW ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए अल्पसंख्यक प्री-मेट्रिक छात्रवृत्ति हड़पने के मामले में मेरठ से एक मदरसे के प्रिंसिपल अब्दुल रहमान को गिरफ्तार किया है। अब्दुल रहमान मदरसा खदीज तुल कुबरा लिल बनात का प्रिंसिपल है। उस पर तत्कालीन जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी की मिलीभगत से 1 लाख 16 हजार रुपये की छात्रवृत्ति का गबन करने का आरोप है। EOW की मेरठ सेक्टर टीम इस मामले की जांच कर रही थी।
Also Read: Sitapur News: दरोगा की पिटाई से युवक की मौत, परिजनों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

