Bahraich News: तीन साल के मासूम को उठा ले गया भेड़िया, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
Bahraich News: जिले के फखरपुर ब्लॉक में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम मंझारा तौकली में एक जंगली जानवर, जिसे भेड़िया या तेंदुआ बताया जा रहा है, तीन साल के एक मासूम बच्चे को घर के पास से उठा ले गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) ने इसके लिए सीधे तौर पर प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है।
SDPI के जिला महासचिव शहाबुद्दीन हाश्मी ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों की लगातार शिकायतों के बावजूद वन विभाग और जिला प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि इसी लापरवाही का नतीजा यह दर्दनाक हादसा है। ग्रामीणों ने तुरंत बच्चे की तलाश शुरू की, लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
SDPI ने की ये मांगें
शहाबुद्दीन हाश्मी ने सरकार और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग करते हुए कहा मासूम बच्चे के परिवार को तुरंत उचित मुआवजा दिया जाए। पूरे इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। वन विभाग की लापरवाही की उच्चस्तरीय जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई हो। गांवों में गश्ती दल और पिंजरे लगाकर जंगली जानवरों की आवाजाही पर नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।
SDPI ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन करेगी। एसडीपीआई ने कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ है और इलाके के लोगों की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
Also Read: लखनऊ में बार के बाहर चली गोली, पुलिस ने 4 लोगों को किया गिरफ्तार

