Bahraich News: बदरौली के राजकीय हाई स्कूल में सजा ‘कैरियर मेला’, छात्रों ने सीखे सफलता के मंत्र

कैसरगंज (बहराइच): राजकीय हाई स्कूल बदरौली में शनिवार को समग्र शिक्षा अभियान और UNICEF (पंख पोर्टल) के सहयोग से एक भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रधानाचार्या नीतू की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में न केवल बच्चों को भविष्य संवारने के टिप्स मिले, बल्कि स्कूल के पुराने छात्रों ने भी अपनी उपस्थिति से समां बांध दिया।

कैरियर हब में दिखा भविष्य का उत्साह

छात्राओं ने विद्यालय प्रांगण में विभिन्न ‘कैरियर स्टाल’ लगाए थे, जिनका अतिथियों ने बारीकी से निरीक्षण किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, कैसरगंज थाने के एसएसआई राजेश शुक्ला और विशिष्ट अतिथि गोड़हिया नंबर 4 के प्रधानाध्यापक रामदेव ने छात्रों के प्रयासों की सराहना की। थाना प्रभारी ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए हमेशा ऊंचे लक्ष्य तय करने चाहिए। वहीं, रामदेव जी ने बच्चों को विभिन्न कैरियर विकल्पों के बारे में अपने अनुभव साझा किए।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन

वार्षिकोत्सव के दौरान छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। गीतों और नृत्य की इन प्रस्तुतियों ने अभिभावकों और शिक्षकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरा विद्यालय प्रांगण तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पुराने छात्रों और मेधावियों का सम्मान

कार्यक्रम की एक खास कड़ी ‘पुरा छात्र सम्मेलन’ रही, जिसमें स्कूल से पास होकर जा चुके छात्रों को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वर्ष भर की गतिविधियों जैसे इको क्लब, आत्मरक्षा प्रशिक्षण और विज्ञान क्लब में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र दिए गए। पढ़ाई में अव्वल रहने वाले मेधावी छात्रों को मोमेंटो देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में सहायक अध्यापिका विभा, सुनीता मौर्य, स्नेहा वर्मा, सुदामा देवी और स्पेशल एजुकेटर सपना सिंह का विशेष योगदान रहा। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Also Read: महायुति का घोषणा पत्र जारी, मुंबई को रोहिंग्या मुक्त करने का संकल्प, लाडली बहनों को 5 लाख का ब्याज मुक्त कर्ज का वादा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.