Bahraich News: गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजा हरचंदा गांव, पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का आरोपी घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के बहराइच जिले में पुलिस और गौकशी के आरोपियों के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह थाना जरवल रोड क्षेत्र के हरचंदा मार्ग पर पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक बदमाश को गोली लगी, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ आरोपी

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात गौकशी के एक वांछित आरोपी को घेरने की कोशिश की गई। पुलिस को देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में आरोपी अशरफ (22) पुत्र सरीफुल, निवासी हरचंदा, थाना जरवल रोड, गोली लगने से घायल हो गया।

घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मुस्तफाबाद ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया। मौके पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि ने बताया कि आरोपी के पैर में गोली लगी थी और उसे आवश्यक उपचार के लिए रेफर किया गया है।

घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस अधिकारी

मुठभेड़ की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी कैसरगंज और पुलिस अधीक्षक (एसपी) राम नयन सिंह मौके पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू कर दी। एसपी के निर्देश पर थाना जरवल पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त रूप से इस ऑपरेशन को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, बीते मंगलवार 4 मार्च को जरवल रोड थाना क्षेत्र के धनसरी और हरचंदा गांव के करीब गेहूं और गन्ने के खेतों में चार गोवंशों के अवशेष मिले थे। इस घटना से क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्कालीन थानाध्यक्ष को निलंबित कर दिया था और घटना की जांच के लिए विशेष टीम गठित की थी।

पुलिस के अनुसार, अशरफ गौकशी मामले में वांछित था और इसी सिलसिले में उसकी तलाश की जा रही थी। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस ने पहले से ही सख्त निर्देश जारी किए थे।

जांच जारी

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Also Read: जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद भी ये काम नहीं कर पाएंगे अब्बास अंसारी, लेनी पड़ेगी इजाजत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.