Bahraich Wolf Attacks: CM योगी के निर्देश पर 13 घायलों को सौंपी गई 50-50 हज़ार की आर्थिक मदद
Sandesh Wahak Digital Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर, बहराइच जिले की तहसील कैसरगंज के मंझारा तौकली गांव में मानव-वन्यजीव संघर्ष में घायल हुए पीड़ितों को सोमवार, 29 सितंबर को सहायता राशि के चेक वितरित किए गए।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय मंझारा तौकली में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान, पूर्व सहकारिता मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि सुनील सिंह, विधानसभा संयोजक गौरव वर्मा और उप जिलाधिकारी कैसरगंज अखिलेश कुमार सिंह की उपस्थिति में 13 घायलों को 50,000-50,000 रुपये के चेक प्रदान किए।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने बताया कि उपचार के बाद घर लौट चुके 13 घायलों के लिए रविवार को ही चेक जारी कर दिए गए थे। उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि जो 03 घायल अभी भी अस्पताल में उपचाररत हैं, उन्हें भी स्वस्थ होने के उपरान्त जल्द ही सहायता राशि का चेक वितरित कर दिया जाएगा।
चेक प्राप्त करने वालों में मंझारा तौकली और नंदवल गांव के शिवप्यारी, श्यारथी देवी, मदन, संजू देवी, हरदेई, मनीषा, सूरज लाल, राजाराम, सिताबी, अंजली, पृथ्वीनाथ, हरिशचन्द्र और चन्द्रका शामिल थे।

सरकार पीड़ितों के साथ: पूर्व मंत्री वर्मा
पूर्व मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा ने इस अवसर पर कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह से पीड़ितों के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा, “मेरा यह कृत्य आपके प्रति उपकार नहीं, बल्कि मेरी नैतिक जिम्मेदारी है।”
वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से सिर्फ घोषणा ही नहीं की, बल्कि अधिकारियों के साथ बैठक कर तत्काल अनुपालन के निर्देश दिए, जिसका परिणाम है कि आज सहायता राशि वितरित की जा रही है। उन्होंने निवासियों से अपील की कि हिंसक वन्यजीवों की घटना पर अंकुश लगाने के लिए प्रयास जारी हैं, लेकिन ग्रामीण भी पूरी तरह से सजग और सतर्क रहें, विशेषकर छोटे बच्चों वाले परिवार।
कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि सुनील सिंह और अन्य वक्ताओं ने भी मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अंत में उप जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। इस दौरान कई स्थानीय अधिकारी, कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।
Also Read: हरदोई में धार्मिक कार्यक्रम से लौटते समय परिवार पर टूटा कहर, सड़क हादसे में पांच की दर्दनाक मौत

