Bahraich News: भेड़िए के जबड़े से बच्चे को बचाया, कैसरगंज के दो पुलिसकर्मी बने हीरो

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कैसरगंज थाना क्षेत्र के मंझारा तौकली गांव में दो पुलिसकर्मियों की बहादुरी की चर्चा हर तरफ हो रही है। सिपाही लकी यादव और कांस्टेबल दिलीप यादव ने एक भेड़िए के चंगुल से एक तीन साल के बच्चे, प्रिंस को सुरक्षित बचाया। उनकी इस बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की सराहना ग्रामीणों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी की जा रही है।

जान जोखिम में डालकर बच्चे को बचाया

यह घटना बाबा बंगला क्षेत्र में चार दिन पहले हुई थी। जब प्रिंस पर भेड़िए ने हमला किया, तो ग्रामीणों की चीख-पुकार सुनकर मौके पर मौजूद दोनों पुलिसकर्मी तुरंत दौड़े। उन्होंने करीब एक किलोमीटर तक भेड़िए का पीछा किया और उसे घेरकर बच्चे को उसके जबड़े से छुड़ा लिया। इस दौरान उनके साथ दो ग्रामीण भयंकर और राजकुमार भी थे। बच्चे को तत्काल पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह कैसरगंज की गाड़ी से अस्पताल पहुंचाया गया, जिससे उसकी जान बच गई।

सीओ ने की जवानों की तारीफ, सम्मान के लिए नाम भेजने की बात कही

इस घटना के बाद मंझारा तौकली के ग्रामीणों ने सिपाही लकी यादव और कांस्टेबल दिलीप यादव की बहादुरी की जमकर तारीफ की और उन्हें सम्मानित करने की मांग की।

कैसरगंज के सर्किल अधिकारी (सीओ) रवि खोखर ने इस घटना को संवेदनशील और मार्मिक बताते हुए कहा कि ऐसे हालात में हर एक जान कीमती है। उन्होंने बताया कि पुलिस, राजस्व कर्मी और ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्य मिलकर लगातार गश्त कर रहे हैं।

सीओ ने कहा, मेरे दो पुलिसकर्मी लकी यादव और दिलीप यादव ने जो बहादुरी और कुशलता दिखाई है, वह दूसरों के लिए एक नजीर है। इनकी हौसला अफजाई के लिए इनका नाम उच्च अधिकारियों को भेजा जाएगा। ग्रामीणों ने कहा कि ये दोनों पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी का बखूबी निर्वहन करते हैं और ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं। इस अवसर पर विश्वनाथ, मिट्ठू, राधेश्याम, घनश्याम और देवी प्रसाद सहित कई ग्रामीणों ने पुलिस का धन्यवाद किया।

Also Read: Lucknow News: DCP यमुना प्रसाद के घर बड़ी चोरी, खिड़की की ग्रिल काटकर लाखों का सामान पार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.