Bahraich: ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने वाले प्रधानों को मिलेगा सरकार से ‘गिफ्ट’, पांच गुना तक मिलेगी प्रोत्साहन राशि

Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के गांवों की आर्थिक आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने एक नई पहल की है। अब जो ग्राम प्रधान अपनी पंचायत की आय स्वयं के संसाधनों से बढ़ाएंगे, उन्हें सरकार प्रोत्साहन के रूप में अर्जित आय का पांच गुना तक अनुदान देगी। इस योजना की तैयारी को लेकर 9 जुलाई को ज़िलाधिकारी मोनिका रानी संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करेंगी।

किन पंचायतों को मिलेगा लाभ?

  • इस योजना का फोकस उन ग्राम पंचायतों पर रहेगा जिनकी आबादी 1500 या उससे कम है।
  • पंचायती राज निदेशालय द्वारा जिलाधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने जिले में ऐसी ग्राम पंचायतों की पहचान करें, जो निर्धारित मापदंडों पर खरी उतरती हों।
  • बहराइच जिले में अब तक 138 ग्राम पंचायतों को चिह्नित किया जा चुका है, जिनकी आबादी इस मानक में आती है।

प्रशासनिक तैयारी तेज

जिला पंचायत राज अधिकारी सर्वेश कुमार पांडेय ने बताया कि 9 जुलाई को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक होगी, जिसकी अध्यक्षता डीएम मोनिका रानी करेंगी। बैठक में सभी बीडीओ, एडीओ (पंचायत) और ग्राम स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक के बाद पंचायतों की संपूर्ण रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर चयनित ग्राम पंचायतों को आर्थिक सहायता दी जाएगी।

किस आधार पर तय होगी प्राथमिकता?

शासन ने 8 मुख्य बिंदुओं पर आधारित रिपोर्ट मांगी है, जिनके आधार पर ग्राम पंचायतों की वरियता (रैंकिंग) तय की जाएगी।

  • जनसेवा केंद्रों से होने वाली आय
  • कचरा संग्रहण की व्यवस्था और उससे अर्जित राजस्व
  • खाद और अन्य कृषि उत्पादों की बिक्री से आय
  • आरआरसी (Revenue Resource Centre) से आय
  • जल शुल्क वसूली
  • तालाबों और अन्य परिसंपत्तियों की नीलामी से प्राप्त आय
  • शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और दुकानों से किराया
  • अन्य स्थानीय संसाधनों से अर्जित आय

इन सभी स्रोतों की समेकित जानकारी के आधार पर यह तय होगा कि किस पंचायत को कितनी प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस योजना के पीछे सरकार का मुख्य उद्देश्य है कि ग्राम पंचायतें बाहरी सहायता पर कम और अपने संसाधनों पर अधिक निर्भर बनें। इसके साथ ही यह पहल ग्राम प्रधानों को जवाबदेह और नवाचारी कार्यों के लिए प्रेरित भी करेगी।

रिपोर्ट : प्रभंजन शुक्ला

Also Read: UP News: PCS अफसर अरविंद कुमार सिंह सस्पेंड, जानिए क्या है पूरा मामला?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.