बहराइच: संपत्ति के विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता, बहन और दादी को उतारा मौत के घाट

Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के रामनगर गांव में रविवार रात करीब 1:30 बजे एक युवक के सिर पर खून सवार हो गया। पारिवारिक कलह और संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुए विवाद में उसने कुल्हाड़ी से काटकर अपने माता-पिता, बहन और बुजुर्ग दादी की हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी ने खुद को भी चोटिल कर लिया, जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

बहराइच: संपत्ति के विवाद में बेटे ने कुल्हाड़ी से माता-पिता, बहन और दादी को उतारा मौत के घाट

आधी रात को मची चीख-पुकार

पुलिस के मुताबिक, 27 वर्षीय निरंकार का अपने पिता बदलूराम से संपत्ति को लेकर अक्सर विवाद होता था। रविवार रात 1:00 बजे के करीब उसने फिर से पिता पर आरोप लगाने शुरू किए। बहस इतनी बढ़ी कि निरंकार ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठा ली और एक-एक कर सो रहे परिजनों पर हमला कर दिया।

मृतकों के नाम: दादी शीतला देवी (82), पिता बदलूराम (62), मां संजू देवी (60) और बहन पार्वती (35)।

रोकने आए भाई पर भी हमला, फिर खुद को किया लहूलुहान

निरंकार का बड़ा भाई गुरुदेव उस समय घर के बाहर था। चीख-पुकार सुनकर जब वह अंदर भागा, तो निरंकार ने उस पर भी कुल्हाड़ी से वार कर उसे घायल कर दिया। गुरुदेव ने हिम्मत दिखाते हुए जब संघर्ष किया, तो निरंकार ने कुल्हाड़ी फेंक दी और पास पड़ी ईंट उठाकर अपने ही सिर पर वार करने लगा। इसी आत्मघाती प्रहार और संघर्ष में वह खुद भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

पत्नी के छोड़ जाने से और बिगड़ गई थी मानसिक स्थिति

घायल भाई गुरुदेव ने अस्पताल में बताया कि निरंकार पिछले 4 साल से संपत्ति के लिए पिता को परेशान कर रहा था। इसी घरेलू कलह की वजह से 4 साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद वह और भी हिंसक हो गया था और अक्सर परिवार वालों के साथ मारपीट करता रहता था।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राम नयन सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद त्रिपाठी समेत भारी पुलिस बल और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को घर के बाहर से खून से सनी कुल्हाड़ी बरामद हुई है।

वर्तमान स्थिति: घायल आरोपी निरंकार की हालत नाजुक देखते हुए उसे लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, घायल भाई गुरुदेव का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। गांव में तनाव को देखते हुए पीएसी के जवानों को तैनात किया गया है।

Also Read: यूपी में सियासी घमासान: अजय राय ने दी 2027 में सत्ता पलटने की चेतावनी, बोले- कांग्रेस की लहर से डरी…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.