Bahraich News: खाद संकट पर सपा का प्रदर्शन, बीजेपी किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में चल रहे खाद संकट को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। एक तरफ जहाँ समाजवादी पार्टी ने जोरदार प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी तरफ बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने किसानों की पीड़ा से आहत होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।

गुरुवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की कथनी और करनी में साफ फर्क दिख रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही भले ही खाद की कमी न होने का दावा कर रहे हों, लेकिन हकीकत यह है कि किसान घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी उर्वरक नहीं पा रहे हैं।

नैतिक कर्तव्य पूरा न कर पाने पर दिया इस्तीफा

खाद की किल्लत और किसानों की परेशानियों से दुखी होकर, बीजेपी किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष जितेंद्र प्रताप सिंह ‘जीतू’ ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा सौंपने के बाद उन्होंने कहा आज किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है और सत्ताधारी पार्टी में किसान मोर्चा के पद पर होते हुए भी मैं उनकी मदद नहीं कर पा रहा हूँ। अन्नदाता लाइन में खड़ा है और पुलिस की लाठियां खा रहा है, लेकिन सरकार के कान पर जूं तक नहीं रेंग रही। जितेंद्र ने कहा कि वह अपने नैतिक कर्तव्यों को पूरा न कर पाने के कारण बीजेपी से इस्तीफा दे रहे हैं।

Also Read: ‘वाराणसी में वोट चोरी का इनाम मिला कमिश्नर को’, अजय राय का PM मोदी पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.