Bahraich: राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बदरौली स्कूल में शुरू हुआ समर कैंप, बच्चों को मिलेगी ट्रेनिंग

Sandesh Wahak Digital Desk/Brijesh Singh Rathore: बहराइच जिले के कैसरगंज स्थित राजकीय हाई स्कूल बदरौली में बुधवार से राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2022 के तहत एक समर कैंप की शुरुआत की गई। यह शिविर 21 मई से 10 जून 2025 तक चलेगा, जिसमें छात्र-छात्राएं योग, खेल, कला और रचनात्मक गतिविधियों के जरिए सीखेंगे आत्मविश्वास और जीवन कौशल।

समर कैंप के पहले दिन प्रधानाध्यापिका नीतू और सहायक अध्यापिका स्नेहा वर्मा ने छात्रों को योगाभ्यास कराया। इसके अलावा बच्चों ने म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, लोकगीत, नाटक और कई अन्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

रचनात्मकता और जीवन मूल्यों की मिलेगी प्रेरणा

इस शिविर में बच्चों ने ‘स्व-परिचय’, ‘मैं देशज हूँ’ और ‘मैं लेखक हूँ’ जैसी गतिविधियों के माध्यम से अपने विचारों और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का मौका पाया। पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए “जल ही जीवन है” विषय पर नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया, जिसे उपस्थित शिक्षकों और छात्रों ने सराहा।

प्रधानाध्यापिका नीतू ने बताया कि समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना, टीमवर्क की भावना विकसित करना, और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। खेल, कला, विज्ञान और योग जैसी गतिविधियों के माध्यम से छात्रों का मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित किया जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे शिविर बच्चों के भीतर जीवन कौशल और नेतृत्व क्षमता के बीज बोते हैं, जो उन्हें भविष्य में एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में तैयार करते हैं।

Also Read: कैसरगंज: SDM अखिलेश सिंह ने नगर पंचायत का किया निरीक्षण, गंदगी और अतिक्रमण पर जताई नाराजगी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.