बहराइच: कैसरगंज में थम नहीं रहा भेड़िए का आतंक, मां की गोद से मासूम को उठा ले गया आदमखोर
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज थाना क्षेत्र में आदमखोर भेड़िए का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार की भोर (तड़के) एक दिल दहला देने वाली घटना में, भेड़िए ने घर के बरामदे में मां के साथ सो रही एक साल की मासूम बच्ची पर हमला कर उसे अपने जबड़े में दबोच लिया और गन्ने के खेतों की ओर भाग निकला।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीण राम कुमार की पत्नी राम कुमारी अपनी एक साल की बेटी आरवी (1 वर्ष) के साथ घर के बरामदे में सो रही थीं। तभी देर रात लगभग 3 बजे एक भेड़िए ने मासूम आरवी पर हमला कर उसे दबोच लिया। चीख-पुकार सुनकर माँ की नींद खुली और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया। आस-पास के ग्रामीण तुरंत पीछा करने दौड़े, लेकिन भेड़िया बच्ची को लेकर पास के गन्ने के खेतों की तरफ भागने में सफल रहा।
तलाश और अवशेष बरामदगी
घटना की सूचना मिलने के बाद से ही ग्रामीणों और वन विभाग की टीमों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। सघन तलाशी अभियान के दौरान, बच्ची के शरीर के कुछ अवशेष बरामद हुए हैं।
बरामद किए गए अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए बहराइच भेजा गया है, जिससे घटना की पुष्टि और विस्तृत जानकारी मिल सके। ग्रामीण और वन विभाग की टीम अभी भी मासूम बच्ची की तलाश में जुटी हुई है और इलाके में भेड़िए को पकड़ने का प्रयास कर रही है।
प्रशासन ने दी सांत्वना और मदद का आश्वासन
घटना की सूचना पर शनिवार शाम 3 बजे मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बहराइच ने खंड विकास अधिकारी कैसरगंज के साथ मौके पर पहुँचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
सीडीओ ने बच्ची के परिजनों को सांत्वना दी और उन्हें शासन की ओर से हर संभव मदद का आश्वासन दिया। मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख प्रदीप यादव, ग्राम प्रधान पवन यादव, थाना प्रभारी बृजेंद्र मिश्रा, रेंजर ओंकार यादव, तथा वन कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आदमखोर भेड़िए के इस लगातार आतंक से क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और वे सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
Also Read: योगी सरकार का किसानों की ‘आर्थिक समृद्धि’ पर जोर, धान किसानों को 4500 करोड़ से अधिक का भुगतान

