बहराइच: बेकाबू ट्रैक्टर ने ई-रिक्शे को मारी टक्कर, चालक समेत 3 की दर्दनाक मौत, दो अन्य घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दरहिया पुरवा के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सवारियों से भरे ई-रिक्शे को जोरदार टक्कर मार दी। इस हृदयविदारक दुर्घटना में ई-रिक्शा चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल यात्रियों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार करीब 11 बजे स्थानीय निवासी मुन्ना लाल अपने ससुर का इलाज कराने के लिए ई-रिक्शा से इंटहा बाजार जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने ई-रिक्शे में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चालक मुन्ना लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सड़क पर चारों ओर खून फैल गया और चीख-पुकार मच गई।
अस्पताल में तोड़ा दम
हादसे में घायल अन्य यात्रियों को तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। खैरा धौकल निवासी रामखेलावन और राघवजोत निवासी अनुपम की हालत बेहद नाजुक थी, जिन्होंने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। हादसे में दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस की कार्रवाई
रामगांव थानाध्यक्ष गुरुसेन सिंह ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। तीनों मृतकों के शवों को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है और मामले में विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।
Also Read: लखनऊ: माइनर में गिरी तेज रफ्तार कार, प्रॉपर्टी डीलर समेत दो की मौत; कार के भीतर ही थम गईं सांसें

