Bahraich: करंट लगने से युवक की मौत, एक माह पहले हुई थी शादी, परिवार में छाया मातम
Sandesh Wahak Digital Desk: बहराइच जिले के कैसरगंज क्षेत्र के गांव गोडहिया नंबर 1 स्थित राजवंशी पुरवा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सुबह शौच के लिए घर से निकला 28 वर्षीय युवक खेत में लगे करंट प्रवाहित तार की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब युवक अनजाने में फसलों की रखवाली के लिए खेतों में लगाए गए बिजली के तारों से टकरा गया।
मृतक की पहचान देशराज के रूप में हुई है, जो गांव का निवासी था। बताया जा रहा है कि यह घटना सुबह करीब पांच बजे की है, जब देशराज शौच के लिए निकला था। तभी पास के एक खेत में लगे करंटयुक्त तार से उसका संपर्क हो गया। करंट लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों ने जब उसे खेत में बेहोश पाया, तो तुरंत परिजनों को सूचना दी। परिजन बदहवासी में उसे इलाज के लिए ले जाने की कोशिश कर ही रहे थे कि तब तक देशराज ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जिस खेत में करंट प्रवाहित तार लगे थे, वह श्यामलाल यादव का है, जिन्होंने फसलों की सुरक्षा के उद्देश्य से तारों में करंट छोड़ा था। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। सबसे दुखद पहलू यह है कि मृतक देशराज की शादी मात्र एक माह पहले ही हुई थी। उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिवार में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोग इस तरह की घटनाओं पर चिंता जता रहे हैं और प्रशासन से खेतों में करंट प्रवाहित तार लगाने पर सख्ती से रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

इस घटना से स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। तो वहीं घटना पर एसडीएम कैसरगंज अखिलेश सिंह ने कहा कि टीम गठित कर मौके पर भेज कर जांच कराया गया है। दोषी के ऊपर कठोर कार्यवाही की जाएगी।
Also Read: यूपी में बदला एक और जगह का नाम, अब ‘नागेश्वरपुरम’ से यहां की होगी पहचान

