Lucknow News: DM जसजीत कौर के खिलाफ जमानती वारंट जारी, 5 जनवरी को हर हाल में पेश होने का आदेश

Lucknow News: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले की जिलाधिकारी (DM) जसजीत कौर को इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच से बड़ा झटका लगा है। कोर्ट ने अवमानना के एक मामले में डीएम के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है और उन्हें 5 जनवरी, 2026 को हर हाल में कोर्ट के समक्ष पेश होने का आदेश दिया है। डीएम जसजीत कौर के खिलाफ यह कड़ी कार्रवाई धनगर समाज के विक्रम सिंह की याचिका पर सुनवाई के दौरान की गई।

जस्टिस मनीष कुमार की बेंच ने डीएम जसजीत कौर के सख्त रवैये पर नाराजगी व्यक्त की। कोर्ट ने डीएम को पिछली सुनवाई में खुद उपस्थित होकर जवाब देने को कहा था, लेकिन वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हुईं और उन्होंने अपना जवाब जिला समाज कल्याण अधिकारी के जरिए भेज दिया। कोर्ट ने इस पर नाराजगी जताते हुए इसे गंभीर उदासीनता बताया और आदेशों की अनदेखी करने पर डीएम के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का फरमान सुनाया।

यह पूरा मामला जाति प्रमाण पत्र को लेकर उपजा है। बिजनौर जिले के धामपुर के रहने वाले विक्रम सिंह धनगर का जाति प्रमाण पत्र उनके रिटायरमेंट से सिर्फ आठ दिन पहले निरस्त कर दिया गया था। इस आदेश के खिलाफ विक्रम सिंह ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। कोर्ट ने सुनवाई के दौरान डीएम को निर्देश दिया था कि वह सुप्रीम कोर्ट के पुराने फैसलों के आधार पर और समाज कल्याण विभाग की विजिलेंस जांच के बाद ही मामले का निस्तारण करें।

आरोप है कि डीएम जसजीत कौर ने कोर्ट के आदेशों और बिना किसी जांच के एकतरफा आदेश जारी कर दिया। विक्रम सिंह धनगर ने इसी आदेश को चुनौती देते हुए कोर्ट में अवमानना याचिका दाखिल की, जिस पर अब कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है।

Also Read: दिल्ली क्राइम ब्रांच ने ISI से जुड़े इंटरनेशनल हथियार तस्कर गिरोह का किया भंडाफोड़, 10 विदेशी पिस्टल जब्त

Get real time updates directly on you device, subscribe now.