Baliya News: भाजपा विधायक केतकी सिंह को फेसबुक पर अपमानजनक टिप्पणी, तीन गिरफ्तार

Baliya News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया विवाद सामने आया है। बीजेपी विधायक केतकी सिंह के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र और अपमानजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। सोशल मीडिया पर की गई इन टिप्पणियों से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते मामला थानों तक पहुंच गया।

बांसडीह और सहतवार थानों में दर्ज हुई एफआईआर

जानकारी के मुताबिक, बांसडीह थाने में थाना प्रभारी राकेश उपाध्याय की तहरीर पर शिवेंद्र सत्यार्थी के खिलाफ बीएनएस की धारा 79 और आईटी (संशोधन) अधिनियम की धारा 72ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। आरोप है कि सत्यार्थी ने अपने फेसबुक पोस्ट में विधायक के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे सार्वजनिक व्यवस्था भंग होने की आशंका थी।

वहीं सहतवार थाने में भाजपा मंडल अध्यक्ष मिथिलेश तिवारी की शिकायत पर अजय यादव और सत्यदेव यादव के खिलाफ आईटी (संशोधन) अधिनियम की धारा 67 के तहत केस दर्ज किया गया। दोनों पर सोशल मीडिया पर विधायक के बारे में अश्लील टिप्पणी करने का आरोप है।

अखिलेश यादव और ‘नल की टोटी’ विवाद

यह विवाद तब सामने आया जब हाल ही में विधायक केतकी सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर उनके आवास से नल की टोटी गायब होने का आरोप लगाया था। इस बयान के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ स्थित उनके आवास के बाहर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

केतकी सिंह का आरोप है कि उस दौरान प्रदर्शनकारी उनके घर में घुसने की कोशिश कर रहे थे और उनकी 16 वर्षीय बेटी को डराया-धमकाया गया। इस घटना से उनकी बेटी की पढ़ाई भी प्रभावित हुई।

फेसबुक विवाद और हालिया घटनाओं ने पूरे मामले को राजनीतिक तूल दे दिया है। सोशल मीडिया पर हुई यह टिप्पणी अब सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बन चुकी है। फिलहाल पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Also Read: Lucknow News: गणपति विसर्जन में सुरक्षा इंतज़ामों की खुली पोल, पत्रकार पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.