बलिया के BJP नेता और कर्मचारी की जयपुर में हत्या, साइबर ठगों ने रची साजिश
Sandesh Wahak Digital Desk: राजस्थान के जयपुर में यूपी के बलिया जिले के बीजेपी नेता और उनके कर्मचारी की हत्या से सनसनी फैल गई है। साइबर ठगों ने उन्हें सस्ते जनरेटर का झांसा देकर बुलाया और लूटपाट के बाद दोनों की हत्या कर शव कुओं में फेंक दिए।
दोनों का मोबाइल बंद हो गया और संपर्क टूट गया
मामला बलिया के बीजेपी किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अशोक सिंह और उनके कर्मचारी विकास कुमार की हत्या से जुड़ा है। अशोक सिंह बलिया में एक शोरूम के मालिक भी थे। जानकारी के मुताबिक, ठगों ने अशोक सिंह को 9 लाख रुपये कीमत वाला जनरेटर मात्र 3.5 लाख रुपये में देने का झांसा दिया। इसी लालच में वे 19 सितंबर को विकास के साथ दिल्ली होते हुए जयपुर पहुंचे। इसके बाद से ही दोनों का मोबाइल बंद हो गया और संपर्क टूट गया।
पास के ही एक और कुएं से विकास का शव मिला
परिवार की शिकायत पर अशोक सिंह के भाई और आईआरएस अधिकारी निर्भय नारायण सिंह ने नई दिल्ली में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की तो लोकेशन राजस्थान के शाहजहांपुर इलाके में मिली। बीते मंगलवार की शाम सांसेडी और जौनाचया खुर्द गांव के बीच एक कुएं से तेज दुर्गंध आने पर पुलिस ने तलाशी ली। यहां से अशोक सिंह का शव बरामद हुआ, जबकि पास के ही एक और कुएं से विकास का शव मिला।
पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अशोक सिंह का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम में हुआ, जबकि विकास का बलिया में किया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Also Read: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने GST सुधारों को सराहा, दिल्ली को स्वच्छ बनाने का दिया संदेश

