Ballia News: डीआईओएस समेत पांच अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज, जानिए पूरा मामला

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में माध्यमिक शिक्षा विभाग के जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) समेत पांच कर्मियों के खिलाफ अवैध वेतन भुगतान और साक्ष्य गायब करने के मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

कोतवाली पुलिस के अनुसार, बलिया के वर्तमान जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र कुमार गुप्त की तहरीर पर तत्कालीन डीआईओएस रमेश सिंह, वैयक्तिक सहायक संजय कुमार कुंवर, वरिष्ठ सहायक अजय सिंह, उर्दू अनुवादक मुहम्मद मैनुद्दीन और प्रधान लिपिक शिवानंद तिवारी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 409 (सरकारी कर्मचारी द्वारा आपराधिक विश्वासघात) के तहत सोमवार रात मामला दर्ज किया गया।

क्या है पूरा मामला?

डीआईओएस देवेंद्र कुमार गुप्त के अनुसार, बलिया के तत्कालीन जिला विद्यालय निरीक्षक रमेश सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले के सहायता प्राप्त माध्यमिक एवं संस्कृत विद्यालयों में 179 शिक्षकों और कर्मचारियों को अवैध रूप से वेतन भुगतान कराने का आदेश दिया था। आरोप है कि उन्होंने अपने अधीनस्थ कर्मियों के साथ मिलकर विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों की मिलीभगत से यह आदेश पारित किए। इसके तहत सरकारी कोषागार से करोड़ों रुपये का भुगतान कराया गया और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से वेतन भुगतान से संबंधित पत्रावलियां गायब कर दी गईं।

पुलिस की कार्रवाई

बलिया कोतवाली प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की संलिप्तता की विस्तृत जांच की जाएगी।  गौरतलब है कि रमेश सिंह बलिया के बाद मऊ जिले में जिला विद्यालय निरीक्षक रहे और वर्तमान में बेसिक शिक्षा निदेशालय से संबद्ध हैं। पुलिस अब इस पूरे मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Also Read: Delhi Assembly Session: आज पेश होगी CAG रिपोर्ट, विधानसभा पहुंचीं सीएम रेखा गुप्ता

Get real time updates directly on you device, subscribe now.