Ballia News: किशोर की हत्या करने वाला आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
Ballia News: बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र में 15 साल के रौनक उर्फ नक्की यादव की ईंट से कूचकर हत्या करने वाले मुख्य आरोपी मनोज यादव को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दबोच लिया है। मंगलवार देर रात हुई इस कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एएसपी (दक्षिणी) कृपाशंकर ने बताया कि 10 मार्च की रात करीब एक बजे जब पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से आरोपी के छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस ने मुडाडीह-सोनवानी रोड पर हनुमान मंदिर के पास घेराबंदी की। खुद को घिरा देख आरोपी मनोज यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा।
बीती 9 मार्च की रात बबुआपुर गांव में 15 साल के रौनक की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने न केवल किशोर के सिर पर ईंट से वार किए, बल्कि उसकी पहचान छिपाने के लिए चेहरा भी बुरी तरह कुचल दिया था। अगले दिन सुबह गांव से 100 मीटर दूर एक बगीचे में चौकी पर उसका लहूलुहान शव मिला। मृतक के पिता ने पुरानी रंजिश के चलते पड़ोसी मनोज यादव के खिलाफ नामजद तहरीर दी थी।
बारात जाने के बहाने निकला था मासूम
मृतक की मां सोनी देवी ने बताया कि रविवार शाम रौनक यह कहकर घर से निकला था कि वह पास के गांव में बारात जा रहा है। जब वह रात भर नहीं लौटा, तो परिवार ने सोचा कि दोस्तों के साथ रुक गया होगा। लेकिन मंगलवार सुबह मिली उसकी मौत की खबर ने पूरे गांव को झकझोर दिया। मौके पर मिले संघर्ष के निशानों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपनी जान बचाने के लिए मासूम काफी देर तक तड़पता रहा होगा। गिरफ्तार आरोपी मनोज यादव के पास से पुलिस ने एक अवैध तमंचा (.315 बोर) और एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
Also Read: Pilibhit News: चमत्कार, एम्बुलेंस के एक झटके ने महिला को दे दी नई जिंदगी, श्मशान में सज चुकी थी चिता

