Ballia News: अराजक तत्वों ने संत रविदास की प्रतिमा को पहुँचाया नुकसान, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के फेफना क्षेत्र से एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यहाँ के बंधैता गांव में सोमवार की रात कुछ शरारती तत्वों ने संत रविदास की प्रतिमा और वहां बन रहे एक स्तंभ को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह जैसे ही ग्रामीणों को इस बात का पता चला, गांव में भारी नाराजगी फैल गई और लोग बड़ी संख्या में इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे।
जानकारी के मुताबिक, बंधैता गांव में करीब आठ महीने पहले सरकारी जमीन पर संत रविदास की प्रतिमा स्थापित की गई थी। सोमवार को वहां एक स्मृति स्तंभ का निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान रात के सन्नाटे में अराजक तत्वों ने प्रतिमा को निशाना बनाया। सुबह जब ग्रामीणों ने टूटी हुई प्रतिमा देखी, तो माहौल तनावपूर्ण हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी (सदर) तिरुम राज सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। ग्रामीणों के गुस्से को शांत करने के लिए प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए और मौके पर नई प्रतिमा लाकर स्थापित कराई गई। एसडीएम तिरुम राज सिंह ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रण में लिया।
यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश
प्रशासन ने आयोजकों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि फिलहाल वहां कोई नया निर्माण कार्य न किया जाए। एसडीएम ने कहा कि शासन से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद ही आगे का कार्य शुरू कराया जाएगा, तब तक मौके पर ‘यथास्थिति’ (Status Quo) बरकरार रहेगी।
Also Read: रहमान कैबिनेट में 25 मंत्रियों में दो अल्पसंख्यक चेहरों को मिली जगह, निताई रॉय चौधरी बने मंत्री

