बलरामपुर: सरकारी परिसरों में सेंध लगाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जनपद की कोतवाली देहात पुलिस ने सरकारी संपत्तियों को निशाना बनाने वाले एक बेहद शातिर और संगठित चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह पिछले काफी समय से क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों और पंचायत भवनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देकर पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ था। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस विशेष अभियान में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी नगर ज्योति श्री के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी की टीम को यह बड़ी सफलता हाथ लगी है।
स्कूलों और पंचायत भवनों से उड़ाते थे कंप्यूटर व सोलर पैनल
पुलिस को यह कामयाबी 12 फरवरी 2026 की रात्रि गश्त के दौरान मिली जब मुखबिर की सूचना पर एक संदिग्ध क्विड कार को रोका गया। कार में सवार श्रवण उर्फ कृष्ण मोहन पाण्डेय और नीरज शुक्ला से जब कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उन्होंने क्षेत्र के आधा दर्जन स्कूलों और सरकारी भवनों में की गई चोरियों की बात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर ग्राम गंगापुर बांकी के पास स्थित एक खंडहर मकान से गिरोह के चार अन्य सदस्यों विवेक कुमार तिवारी, वीरू उर्फ दीप नारायण, सचिन पाण्डेय और बब्लू पाण्डेय को भी धर दबोचा गया।

सीसीटीवी का डेटा मिटाकर पुलिस को देते थे चुनौती
इस गिरोह के काम करने का तरीका किसी पेशेवर अपराधी की तरह था। अभियुक्त पहले दिन में उन स्कूलों और पंचायत भवनों की रेकी करते थे जहाँ रात में कोई रखवाला नहीं होता था। चोरी की घटना को अंजाम देने से पहले ये शातिर अपराधी सबसे पहले सीसीटीवी कैमरों को तोड़ देते थे और डीवीआर मशीन को खोलकर उसकी हार्ड डिस्क से सारा डेटा डिलीट कर देते थे, ताकि कोई सबूत न बच सके। गिरोह ने प्राथमिक विद्यालय अरहर पाकड़, कलन्दरपुर, वहदुरापुर और पंचायत भवन गंगापुर बाकी जैसी जगहों से दर्जनों कंप्यूटर, एलसीडी, प्रिंटर, सोलर पैनल और बैटरियां पार की थीं।
क्विड कार समेत भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से भारी मात्रा में माल बरामद किया है, जिसमें 13 अदद एलसीडी और एलईडी टीवी, 05 सीपीयू, 05 सोलर पैनल, 06 बड़ी सोलर बैटरियां, प्रिंटर, सीसीटीवी कैमरे, वाई-फाई डिवाइस और पानी के मोटर जैसे उपकरण शामिल हैं। इसके अलावा चोरी में प्रयुक्त एक क्विड कार और एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पकड़े गए मुख्य अभियुक्त श्रवण पाण्डेय का पुराना आपराधिक इतिहास है और उस पर गोंडा व सिद्धार्थनगर जैसे जिलों में गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी अभियुक्तों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।
रिपोर्ट: जाकिर खान
Also Read: बलरामपुर: मदरसा नियुक्ति घोटाले का मुख्य सूत्रधार गिरफ्तार, जाली दस्तावेजों से किया था बड़ा खेल

