बलरामपुर: फर्जी सिपाही बन ठग ने बैटरी व्यापारी को लगाया 21 हजार का चूना, थाने का हवाला देकर हुआ फरार
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में पुलिस का रौब दिखाकार सादी वर्दी में खुद को पचपेड़वा थाने से जुड़ा होकर बताकर एक ठग ने बैटरी दुकानदार को चकमा देकर 21 हजार रुपए का चूना लगा दिया। खुद को थाने का सिपाही बताने वाले इस व्यक्ति ने बड़ी चालाकी से दुकानदार को विश्वास में लिया और रकम लेकर फरार हो गया। पुलिस ने अब मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
नई बाजार निवासी मोहम्मद कलीम ने पचपेड़वा थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी “रहीम बैटरी सर्विस” नाम से इनवर्टर व बैटरी की दुकान है। बृहस्पतिवार रात करीब 8 बजे एक व्यक्ति खाकी वर्दी और हेलमेट पहनकर बाइक से दुकान पर पहुंचा। उसने कहा कि वह “थाने से आया है” और बताया कि थाने पर तीन इनवर्टर व तीन बैटरियों की जरूरत है। साथ ही कहा कि छह पुरानी बैटरियां कबाड़ में बेचनी हैं।
पीड़ित ने बताई घटना की सच्चाई
कलीम ने बताया कि वह नई बैटरियां लेकर थाने पहुंचा तो वही व्यक्ति पहले से गेट पर खड़ा मिला। उसने कहा कि “पुरानी बैटरी के 21 हजार रुपए मुझे दे दो, दीवान को देने हैं”, फिर नई बैटरी लेकर अंदर चलो। कलीम ने पैसे दे दिए और जब वह बैटरी लेकर अंदर गया तो व्यक्ति ने कहा कि “चाबी लेकर आता हूं” और वहां से गायब हो गया।
कुछ देर बाद जब कलीम ने थाने में पूछताछ की तो पुलिस ने बताया कि इस तरह का कोई ऑर्डर या बात उनसे नहीं की गई थी। थाना प्रभारी ओमप्रकाश चौहान ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है और वीडियो फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने ठग की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालना शुरू कर दिया है।
Also Read: हमीरपुर में भीषण सड़क हादसा: डीसीएम की टक्कर से 3 दोस्तों की मौत, गुस्साई भीड़ ने NH किया जाम

