बलरामपुर: बिजली कनेक्शन के नाम पर रिश्वतखोरी, जेई और लाइनमैन पर 4000 रुपये ऐंठने का आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के हर्रैया सतघरवा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कुकुरभुकवा (लौकी कलां) के निवासी शिवरंजन वर्मा ने बिजली विभाग के कर्मचारियों और अधिकारियों पर भ्रष्टाचार और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित शिव रंजन पुत्र कमलेश कुमार ने जिलाधिकारी व बिजली विभाग के अधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर व आईजीआरएस कर न्याय की गुहार लगाई है। इसी तरह गांव वालों ने भी मीडिया के सामने अपनी बात रखी है और जेई व लाइनमैन पर फर्जी कनेक्शन चलवाने का आरोप लगाया है। प्रथम दृष्टि या लगता है की कहीं ना कहीं जेई व लाइनमैन के इशारों पर भ्रष्टाचार को गति दिया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित शिवरंजन व अन्य के अनुसार, नया बिजली कनेक्शन दिलाने के नाम पर विभाग के एक लाइनमैन देव गौड़ा ने उनसे 4000 रुपये की अवैध वसूली की। जबकि तब कनेक्शन के लिए महज 1100 रुपए की धनराशि जमा होती थी। लाइनमैन ने 4 जनवरी 2026 को ऑनलाइन आवेदन की औपचारिकता पूरी की थी, लेकिन भुगतान के बावजूद अब तक कनेक्शन नहीं दिया गया।
जेई पर भी लगे गंभीर आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसी दिन विभाग के हर्रैया सतघरवा पॉवर हाउस पर तैनात जेई अजीत सिंह ने घर के पास बिजली का खंभा और केबल लगवाने का वादा किया। इसके एवज में उन्होंने कई लोगों की मौजूदगी में पीड़ित से 20,000 रुपये अतिरिक्त लिए बतौर घूस लिए, आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी न तो खंभा गाड़ा गया और न ही तार खींचे गए। जबकि इस सब में अब तक 2 महीने बीत चुके हैं।
पीड़ित शिवरंजन वर्मा का कहना है कि जब उसने काम न होने पर सवाल उठाए, तो 12 फरवरी 2026 को दोपहर करीब 1:00 बजे जेई अजीत सिंह उसके घर पहुंचे और बिना उसकी मौजूदगी के ही तार इत्यादि उठा ले गए। आरोप है कि उन्होंने पीड़ित के गांव वालों के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया, गंदी गालियां दीं और उल्टा मुकदमा लिखवाकर जेल भेजने की धमकी दी।
फर्जी कनेक्शन चलवाते हैं जेई और लाइनमैन
वहीं, अन्य गांव वालों का कहना है कि के अजीत सिंह व लाइनमैन देव गौड़ा मिलकर पूरे गांव और आसपास के इलाकों में इसी तरह से फर्जी कनेक्शन चलवाते हैं। जब कोई इस मामले की शिकायत करता है तो उसे धमकी दी जाती है और उसे मुकदमे में फसाने की बात कही जाती है। लाइनमैन और जेई एक संयुक्त गिरोह के रूप में कार्य करते हुए कृषि कार्य करने वाले किसानों से लेकर अन्य ग्रामीणों तक से 100, 200, 500 रुपए प्रति महीने की वसूली बिजली विभाग के ग्राहकों से करते हैं। गांव वालों का कहना है कि पूरा इलाका इनके इसी आतंक से परेशान है और शिकायत करने पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। वहीं, पीड़ित शिव रंजन ने उच्चाधिकारियों से इस मामले में संज्ञान लेकर भ्रष्ट कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने और अपना बिजली कनेक्शन जल्द से जल्द लगवाने की मांग की है।
इस पर क्या बोले अधिकारी
वही, जब हमने आरोपों पर जेई अजीत सिंह से बात की तो उन्होंने कहा कि आरोप तो कोई भी लगा सकता है। लेकिन हमारे पास ना तो ऐसी कोई शिकायत आई है। ना ही हमें इस तरह के मामले की कोई जानकारी है। यदि कोई फर्जी तौर पर कनेक्शन चलाएगा तो उसके खिलाफ हम कार्रवाई जरूर करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि शिकायती पत्र मिलता है तो हम उसकी जांच करते हुए दोषी लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: संजय निषाद का अखिलेश यादव पर तीखा तंज, बोले- सत्ता से बाहर होकर सिर्फ पोस्टरबाजी कर रहे सपा नेता

