Balrampur News: बाढ़ की आशंका के बीच डीएम ने संभाला मोर्चा, तटबंधों का किया औचक निरीक्षण

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले में राप्ती नदी का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। नदी के किनारे बसे करीब 20 गांवों में कटान शुरू हो गया है, जिससे ग्रामीण चिंतित हैं। इसी खतरे को देखते हुए मंगलवार को जिलाधिकारी (डीएम) पवन अग्रवाल ने खुद बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया।

डीएम ने किया तटबंधों का निरीक्षण, दिए जरूरी निर्देश

डीएम ने सदर तहसील के सिसई, कोडारी घाट और बेलवा सुल्तानजोत तटबंधों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने बाढ़ खंड के अधिकारियों से चल रहे कटान रोकने वाले और सुरक्षा से जुड़े कामों की जानकारी भी ली। बेलवा सुल्तानजोत तटबंध पर चल रहे पिचिंग और क्रॉस ड्रेनेज कार्यों की धीमी गति पर उन्होंने अधिकारियों को फटकार लगाई और जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया।

बचाव सामग्री का स्टॉक रखने का आदेश

निरीक्षण के दौरान डीएम ने यह भी सुनिश्चित किया कि बाढ़ जैसी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए बचाव सामग्री का पर्याप्त स्टॉक मौजूद हो। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि नाव, लाइफ जैकेट और अन्य जरूरी सामान की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए। कोडारी घाट पर भी उन्होंने तटबंध की स्थिति की समीक्षा की और अधिकारियों से फीडबैक लिया।

डीएम ने कहा कि बाढ़ आने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि किसी भी मुश्किल घड़ी में लोगों को परेशानी न हो। प्रशासन ने ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

रिपोर्ट: योगेन्द्र त्रिपाठी

 

Also Read: तेज प्रताप यादव ने VVIP पार्टी के साथ गठबंधन का किया ऐलान, तेजस्वी को लेकर भी कही ये बात

Get real time updates directly on you device, subscribe now.