Balrampur: पूर्व सांसद दद्दन मिश्र के प्रयास से बलरामपुर में रुकेगी स्पेशल ट्रेन, रेलवे ने दी मंजूरी
बलरामपुर स्टेशन पर बढ़नी–उज्जैन–सूरत–मुंबई स्पेशल ट्रेन का ठहराव तय, यात्रियों में खुशी
बलरामपुर। पूर्व सांसद दद्दन मिश्र के प्रयासों से बलरामपुर रेलवे स्टेशन को बड़ी सौगात मिली है। बढ़नी से उज्जैन बाया सूरत होते हुए मुंबई तक जाने वाली स्पेशल ट्रेन का बलरामपुर स्टेशन पर ठहराव मंजूर कर लिया गया है। अब यह ट्रेन आज से बलरामपुर में दोपहर 2:40 बजे पहुंचेगी और 2:42 बजे रवाना होगी।
पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने इस ठहराव को लेकर 28 अगस्त को रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह से मुलाकात की थी और एक मांग पत्र सौंपा था। उस दौरान मंत्री ने ट्रेन ठहराव का आश्वासन दिया था, जो अब साकार हो गया है।
मिश्र ने अपने पत्र में बताया था कि बढ़नी से मुंबई तक नई ट्रेन शुरू होने पर बलरामपुर और श्रावस्ती के लोगों में उत्साह था, लेकिन बलरामपुर स्टेशन पर ठहराव न होने से निराशा थी। यह ट्रेन बढ़नी से चलकर सीधे गोंडा स्टेशन पर रुकती थी, जिससे क्षेत्र के श्रमिक, व्यापारी और महाकाल भक्तों को परेशानी झेलनी पड़ती थी।
रेल मंत्रालय ने मंगलवार को पूर्व सांसद के सूचनार्थ पत्र जारी कर ट्रेन ठहराव की स्वीकृति दी है। पूर्व सांसद ने कहा कि इस फैसले से बलरामपुर और श्रावस्ती जिलों के यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। इस घोषणा के बाद जिलेवासियों में खुशी की लहर है।

