Balrampur News: लकड़ी काटने गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, परिजनों में मचा कोहराम
Sandesh Wahak Digital Desk: जिला बलरामपुर के श्रीदत्तगंज थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान 60 वर्षीय निसार पुत्र मेंहदी हसन के रूप में हुई है, जो उतरौला कोतवाली क्षेत्र के महदेईया बाजार स्थित नई बस्ती के निवासी थे और लकड़ी काटने का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
परिजनों के अनुसार, निसार शनिवार सुबह करीब 8 बजे काम पर निकले थे। देर रात तक वापस न आने पर घरवालों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।
रविवार सुबह अहिरौला नगवा गांव स्थित सागौन के बाग में स्थानीय ग्रामीणों ने उनका शव देखा, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। शव के पास एक कुल्हाड़ी पड़ी थी, और मृतक के पैर पर ताजा घाव के निशान भी देखे गए। जिससे हत्या या दुर्घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। गांव में शोक की लहर है और परिजन सदमे में हैं।
मृतक की पत्नी चिंगुद्दी ने बताया कि निसार प्रतिदिन की तरह काम पर निकले थे, लेकिन देर रात तक न लौटने पर सभी परेशान हो गए। उन्होंने किसी से कोई रंजिश या दुश्मनी की जानकारी से इनकार किया।
सूचना मिलते ही श्रीदत्तगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है, और हर पहलू से जांच की जा रही है। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
इस घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Lakhimpur News: लखीमपुर-सीतापुर मार्ग पर वैन और रोडवेज बस की टक्कर, 5 की मौत, कई घायल

