बलरामपुर: गरीबों के निवाले पर डाका, कबाड़ की दुकान पर उतारा जा रहा था सरकारी राशन, बड़ा खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जनपद के विकासखंड हरैया सतघरवा क्षेत्र में सरकारी राशन की खुलेआम कालाबाजारी का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। मथुरा बाजार से बीरपुर मार्ग पर एक ट्रक को निजी कबाड़ की दुकान पर सरकारी अनाज उतारते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इस घटना ने खाद्य आपूर्ति विभाग की निगरानी और कोटेदारों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

रंगे हाथों पकड़ी गई कालाबाजारी

ट्रक संख्या UP 43 T 5310 मथुरा बाजार-बीरपुर रोड स्थित अंकित कसौधन की निजी कबाड़ दुकान पर खड़ा पाया गया। ट्रक चालक के अनुसार, उसे लगभग 10 क्विंटल सरकारी राशन इसी दुकान पर उतारने का निर्देश मिला था। चालक ने दावा किया कि दुकान मालिक ने उसकी बात कोटेदार से कराई थी, जिसके बाद ही वह अनाज यहां लेकर पहुंचा।

कबाड़ी दुकानदार ने राशन को धनघटा क्षेत्र के कोटेदार पारसनाथ सोनकर का बताया, हालांकि कोटेदार ने फोन पर इस मामले से पूरी तरह पल्ला झाड़ते हुए किसी भी तरह के निर्देश देने से इनकार कर दिया।

योजनाबद्ध तरीके से हो रहा था ‘खेल’

मौके पर छानबीन के दौरान आसपास के गोदाम में भारी मात्रा में खाली बोरे मिले। वहीं, दुकान के बाहर खड़े एक ई-रिक्शा में भी चावल लदा पाया गया, जिसे दूसरे बोरों में भरकर ठिकाने लगाने की तैयारी थी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से राशन की कटौती कर उसे बाजार में ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा है।

विभागीय चुप्पी पर सवाल

ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद विभागीय अधिकारी ‘लीपापोती’ में जुटे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस सिंडिकेट की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि गरीबों का हक उन्हें मिल सके।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: बाराबंकी: मुकेश अंबानी को कोर्ट का नोटिस, 16 जनवरी को अगली सुनवाई, जानिए पूरा मामला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.