बलरामपुर: एकतरफा प्यार का खौफनाक अंत, सिरफिरे आशिक ने नाबालिग छात्रा का गला रेता

Sandesh Wahak Digital Desk: ​उत्तर प्रदेश के जनपद बलरामपुर में एकतरफा प्यार की आग ने एक नाबालिग छात्रा की जिंदगी बेरहमी से खत्म कर दी। इस जघन्य वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी, लेकिन अब पुलिस की प्रभावी पैरवी और ठोस वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर हत्यारे को उसके किए की सजा मिल गई है। अदालत ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाते हुए भारी जुर्माना भी लगाया है।

हत्या के बाद शव के साथ किया घिनौना प्रदर्शन  ​

यह दर्दनाक घटना 14 दिसंबर 2024 की सुबह उस वक्त हुई जब मधु चौहान नाम की 16 वर्षीय छात्रा अपनी साइकिल से स्कूल जा रही थी। रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे धर्मपाल चौहान ने उसे रोक लिया और छुरी से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। अधिवक्ता कुलदीप सिंह के अनुसार हत्यारा मधु से एकतरफा प्यार करता था और उसने इस वारदात को अंजाम देने के बाद हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। हत्या करने के बाद आरोपी छात्रा के शव को अपने कंधे पर रखकर उसके घर की तरफ ले जाने लगा। वह इस खौफनाक मंजर को सबको दिखाकर यह संदेश देना चाहता था कि उससे प्यार न करने का अंजाम क्या होता है। इस मंजर को देखकर स्कूल जा रही अन्य छोटी बच्चियां बुरी तरह डर गईं और वहां से भाग निकलीं।

पुलिस की जांच और न्यायालय का कड़ा फैसला

​बलरामपुर के एसपी विकास कुमार ने बताया कि ‘ऑपरेशन कनविकशन’ के तहत पुलिस ने इस मामले में महज एक वर्ष, एक माह और 25 दिन के भीतर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की है। पुलिस ने मौके से आरोपी के खून से सने कपड़े और हत्या में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद की थी, जिसका एफएसएल में डीएनए मिलान सफल रहा।

न्यायालय में कुल नौ गवाह पेश किए गए, जिनमें 11 साल की एक छोटी बच्ची रितिका का बयान सबसे अहम साबित हुआ। जिसने आरोपी को यह कृत्य करते देखा था।  अभियोजन पक्ष ने आरोपी के लिए मृत्युदंड की मांग की थी, लेकिन न्यायालय ने उसकी कम उम्र को ध्यान में रखते हुए उसे आजीवन कारावास और 2 लाख रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। इस जुर्माने की राशि में से डेढ़ लाख रुपये मृतका के पीड़ित परिवार को दिए जाएंगे। इस फैसले से न केवल पीड़ित परिवार को न्याय मिला है बल्कि समाज में अपराधियों के खिलाफ एक कड़ा संदेश भी गया है।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: यूपी बजट को अखिलेश ने बताया विदाई बजट तो शिवपाल बोले- विज्ञापन में दौड़ रहा विकास

Get real time updates directly on you device, subscribe now.