बलरामपुर: मासूम से दरिंदगी की कोशिश करने वाला कल्लू गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में आरोपी घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और महिलाओं व बालिकाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कोतवाली देहात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने वाले आरोपी कल्लू को घटना के महज 24 भीतर ही गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान भागने के प्रयास में आरोपी के घायल होने की भी सूचना है, जिसके बाद उसे उपचार के लिए ले जाया गया।
खेत से अगवा कर घर ले गया था आरोपी
पुलिस के अनुसार, बीती 17 दिसंबर को एक पीड़िता की मां ने देहात थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। वादिनी ने बताया कि वह अपनी मासूम बच्ची के साथ खेत में काम कर रही थी। इसी दौरान आरोपी कल्लू पुत्र स्वामीनाथ, जो कि खदगौरा बेनीजोत का निवासी है, बच्ची को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जब मां ने बच्ची को आसपास न पाकर उसकी तलाश शुरू की, तो वह कल्लू के घर पहुंची। वहां उसने देखा कि आरोपी उसकी मासूम बेटी के साथ दुष्कर्म करने का कुत्सित प्रयास कर रहा था। मां के पहुंचने पर आरोपी वहां से भाग निकला।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक गिरजेश तिवारी ने एक टीम गठित की। पुलिस टीम ने जाल बिछाकर आरोपी कल्लू को ग्राम खदगौरा से घेराबंदी कर दबोच लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस की पकड़ से भागने का प्रयास किया, जिसमें उसके पैर में चोटें आई हैं। पुलिस उसे चिकित्सीय परीक्षण के बाद न्यायालय के समक्ष पेश कर रही है।
आरोपी ने गुनाह किया कबूल
पूछताछ के दौरान आरोपी कल्लू (25 वर्ष) ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। उसने बताया कि वह बच्ची को गलत नीयत से अपने घर ले गया था, लेकिन समय पर बच्ची की मां के आ जाने के कारण वह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 137(2), 65(2) और 5एम/6 पाक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
क्या बोले पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए देहात पुलिस तत्काल एक्शन और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के दौरान जब आरोपी ने भागने का प्रयास तो उसे चोट भी लगी है। उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया है। न्यायालय में प्रस्तुत कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: बलरामपुर: चंदनपुर–अयोध्या मार्ग बना बदहाली से जनता परेशान, 35 किलोमीटर की जर्जर सड़क

