Balrampur News: अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा, वाराणसी लाठीचार्ज मामले में DM को सौंपा ज्ञापन, उग्र आंदोलन की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: वाराणसी कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज और प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में बलरामपुर जनपद के अधिवक्ता सड़क पर उतर आए।

सोमवार को जिला बार एसोसिएशन, कलेक्ट्रेट बार एसोसिएशन और युवा बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने वाराणसी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने बिना किसी उकसावे के अधिवक्ताओं पर बर्बर लाठीचार्ज किया, जिसमें कई अधिवक्ता गंभीर रूप से घायल हो गए।

अधिवक्ताओं का दावा है कि इस दौरान बुजुर्ग और महिला अधिवक्ताओं को भी नहीं बख्शा गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

फर्जी मुकदमों की वापसी और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग

अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से वाराणसी में दर्ज फर्जी मुकदमों को तत्काल वापस लेने, दोषी पुलिसकर्मियों पर कठोरतम कार्रवाई करने और न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

उनका कहना है कि यह कार्रवाई केवल अधिवक्ताओं का ही नहीं, बल्कि पूरे न्याय तंत्र का अपमान है।

कमलेश्वर सिंह, अध्यक्ष, बार संघ बलरामपुर ने कहा:

“अगर हमारी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो हम उग्र आंदोलन के लिए विवश होंगे।

इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह शासन और प्रशासन की होगी।”

‘न्याय व्यवस्था पर हमला है यह घटना’

संयुक्त बार एसोसिएशन बलरामपुर ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा है कि यह न केवल एक वर्ग विशेष पर हमला है, बल्कि यह न्याय की रक्षा करने वाले अधिवक्ता समुदाय को अपमानित करने वाला कृत्य है।

उन्होंने कहा कि सरकार को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में अधिवक्ताओं को दबाया नहीं जा सकता, और यदि ऐसा प्रयास किया गया, तो अधिवक्ता सड़कों पर उतरने से पीछे नहीं हटेंगे।

प्रमुख मांगें:

  • वाराणसी में अधिवक्ताओं पर दर्ज फर्जी मुकदमों की तत्काल वापसी।

  • लाठीचार्ज में संलिप्त पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई।

  • घटना की न्यायिक जांच सुनिश्चित की जाए।

  • अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर नीति बनाई जाए।

रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी

Also Read: Mathura News: राष्ट्रपति मुर्मू 25 सितंबर को मथुरा पहुंचेंगी, कुब्जा श्रीकृष्ण मंदिर में करेंगी दर्शन

Get real time updates directly on you device, subscribe now.