Balrampur News: बाड़े में घुसा तेंदुआ, भेड़ों में मची भगदड़, 88 की मौत के बाद गांव में दहशत
Balrampur News: बलरामपुर जिले के गैसड़ी नगर पंचायत के वार्ड नंबर 10 स्थित खरगौरा गांव में तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया।
सोमवार देर रात एक तेंदुआ भेड़ों के बाड़े में घुस गया और वहां मौजूद करीब 200 भेड़ों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
घटना में 88 भेड़ों की मौत हो गई, जबकि 13 गंभीर रूप से घायल बताई जा रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, घटना 24 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुई। तेंदुआ दीवार फांदकर खरगौरा निवासी कन्हैयालाल पाल और विजय पाल के बाड़े में दाखिल हुआ।
यहां करीब 200 भेड़ें बंधी थीं। तेंदुए के हमले के बाद भेड़ों में भगदड़ मच गई।
सुबह पशुपालक बाड़े में पहुंचे तो बड़ी संख्या में भेड़ों को मृत और घायल देखकर उनके होश उड़ गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक, भेड़ पालन ही उनकी आजीविका का मुख्य साधन था।
एक ही रात में बड़ी संख्या में पशुओं की मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
मुआवजे और तेंदुए को पकड़ने की मांग
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और पीड़ित पशुपालकों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
पीड़ितों ने गैसड़ी कोतवाली पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग को लिखित शिकायत भी दी है।
गैसड़ी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।
वहीं, रामपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद के मुताबिक वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है।
उन्होंने संभावना जताई कि बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत तेंदुए के हमले के साथ-साथ डर के कारण हुई भगदड़ से भी हो सकती है।
वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
रिपोर्ट- योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: अजीत भारती पर SC/ST एक्ट में FIR, चंद्रशेखर आजाद पर टिप्पणी से बढ़ा विवाद

