Balrampur News: पुलिस चौकी से 20 मीटर दूर मूक-बधिर युवती से दुष्कर्म, CCTV फुटेज से मचा बवाल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां देहात कोतवाली क्षेत्र के बहादुरपुर में एक 22 वर्षीय मूक-बधिर युवती के साथ दुष्कर्म किया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह वारदात बहादुरपुर पुलिस चौकी से महज 20 मीटर की दूरी पर हुई, जबकि मौके पर लगे पुलिस के कई सीसीटीवी कैमरे बंद पाए गए।

पीड़िता के परिवार ने बताया कि युवती रात करीब 8 बजे अपनी ननिहाल से घर लौट रही थी, तभी एक युवक ने उसे जबरदस्ती सुनसान खेत में खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। युवती बोल और सुन नहीं सकती, इसलिए वह मदद के लिए चीख भी नहीं पाई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

बदहवास हालत में मिली युवती

लगभग एक घंटे की तलाश के बाद परिवार को युवती खेत में बदहवास हालत में मिली। उसे तुरंत जिला महिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत स्थिर है, लेकिन वह मानसिक तौर पर सदमे में है। इस घटना का एक 14 सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें युवती बदहवास हालत में भागती हुई दिख रही है। यह फुटेज एसपी आवास के पास लगे कैमरे का है, जो घटनास्थल से ज्यादा दूर नहीं है।

पुलिस ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं। प्रभारी बीएन सिंह ने कहा कि पीड़िता इशारों में कुछ बताने की कोशिश कर रही है, और इस मामले की जांच के लिए विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। इस घटना ने जिले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, क्योंकि यह इलाका डीएम, एसपी और जिला जज जैसे वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों के बेहद करीब है। परिवार ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी और सख्त से सख्त सजा की मांग की है।

 

Also Read: Jaunpur News: शाहगंज मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बस और ट्रक की टक्कर में 5 की मौत, कई घायल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.