Balrampur News: लापता महिला का गन्ने के खेत में मिला शव, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
Sandesh Wahak Digital Desk: यूपी के बलरामपुर जिले के हरैया सतघरवा थाना क्षेत्र में सनसनीखेज मामला सामने आया है। पिछले दो दिनों से लापता एक महिला का शव शनिवार सुबह गन्ने के खेत से बरामद हुआ। शव के हाथ-पांव बंधे हुए थे, जिससे पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
बाजार गई थी, घर नहीं लौटी
मृतक महिला की पहचान बनकट्टी गांव की 40 वर्षीय कमला देवी के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कमला बुधवार शाम करीब 7 बजे महमूदनगर के साप्ताहिक बाजार जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। देर रात तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने हरैया थाने में उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस और ग्रामीण लगातार उनकी तलाश कर रहे थे।
गन्ने के खेत में मिला शव
शनिवार सुबह जब कुछ ग्रामीण शौच के लिए गए, तो उन्हें गन्ने के खेत से तेज बदबू महसूस हुई। पास जाकर देखने पर उन्होंने एक महिला का शव देखा, जिसके हाथ-पांव बंधे हुए थे। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कमला देवी के रूप में की। उनका शव घर से लगभग 150 मीटर की दूरी पर मिला।
पति मुंबई में करता है मजदूरी
पुलिस ने बताया कि कमला देवी की शादी 15 साल पहले जयपतर से हुई थी। उनके दो बेटे हैं, जीत (13) और सुभाजीत (11), जो गांव के ही स्कूल में पढ़ते हैं। उनके पति जयपतर पिछले कुछ महीनों से मुंबई में मजदूरी कर रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक 10 रुपये का सिक्का और एक छोटा मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी जरूरी सबूत जुटाए हैं। शव का पंचनामा करवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और जल्द ही इस घटना का खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: Balrampur News: एक ही फंदे से लटका मिला मां-बेटे का शव, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी

