Balrampur News: भाई ने ही परिवार संग मिलकर भाई पर किया जानलेवा हमला, पीड़ित घायल

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। यहां तुलसीपुर थाना क्षेत्र के ओडाझार गांव में एक भाई ने अपने ही सगे भाई पर अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मिलकर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।

पीड़ित सैयद अब्दुल माबूद ने बताया कि 1 सितंबर को वह अपने घर पर बिजली का काम करवा रहे थे, तभी उनका सगा भाई, भाभी, भतीजा और भतीजी अचानक वहां आ गए। अब्दुल माबूद का आरोप है कि इन सभी ने उन पर फावड़े, कुदाल और ‘दरखना’ (लकड़ी काटने का औजार) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनका सिर फट गया, दो उंगलियां कट गईं और पूरा शरीर लहूलुहान हो गया। पीड़ित ने कहा कि अगर गांव वाले समय पर नहीं आते, तो उनकी जान जा सकती थी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सिर पर चार टांके लगे और हाथों का इलाज किया गया।

‘जिन्हें बच्चों से ज्यादा प्यार दिया, उन्हीं ने किया हमला’

अस्पताल के बिस्तर पर लेटे अब्दुल माबूद ने रोते हुए कहा मैंने अपने भाई के बच्चों को कभी पराया नहीं समझा। उन्हें अपने बच्चों से भी ज्यादा प्यार और दुलार दिया। पढ़ाई से लेकर हर मुश्किल में उनके साथ खड़ा रहा। लेकिन आज उन्हीं ने मुझ पर फावड़े से हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि यह सोचकर दिल टूट जाता है कि जिन्हें उन्होंने अपनी औलाद माना, वही उनकी जान लेने पर उतारू हो गए।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि यह हमला उनकी संपत्ति हड़पने की नीयत से किया गया था। अब्दुल माबूद ने तुलसीपुर थाने में शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, और पीड़ित न्याय की उम्मीद में लगातार अधिकारियों से कार्रवाई की गुहार लगा रहे हैं।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: ABVP छात्रों पर लाठीचार्ज का मामला गरमाया, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने पुलिस को चेताया

Get real time updates directly on you device, subscribe now.