Balrampur News: चीनी लोन ऐप फ्रॉड का पर्दाफाश, बाप-बेटा गिरफ्तार; 50 करोड़ से अधिक की क्रिप्टोकरेंसी बरामद

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर पुलिस ने एक बड़े साइबर धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक बाप-बेटे की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह चीनी लोन ऐप्स के जरिए लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करता था और उस पैसे को क्रिप्टोकरेंसी में बदलकर विदेशों में भेजता था। पुलिस का मानना है कि इस गिरोह ने ₹100 करोड़ से ज़्यादा का मनी ट्रेल किया है।

कैसे करते थे ठगी?

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने 18 अगस्त 2025 को इन दोनों आरोपियों, गोलू कुमार और उसके पिता भूषण चौधरी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में गोलू ने बताया कि वे ‘उधार लोन’, ‘रूपी फैक्ट्री’ और ‘क्विक लोन’ जैसे अनाधिकृत चीनी ऐप्स का इस्तेमाल करते थे। जब कोई ज़रूरतमंद व्यक्ति इन ऐप्स को डाउनलोड करता और अपनी जानकारी अपलोड करता, तो ऐप उसके अकाउंट में ₹1200 ट्रांसफर कर देता था। इसके बाद, रिकवरी एजेंट धमकी और गाली-गलौज देकर 7 दिनों के अंदर ₹1200 के बदले ₹2000 वसूलते थे।

क्रिप्टोकरेंसी के जरिए भेजते थे विदेश

ठगी से मिले पैसे को ये लोग ‘म्यूल अकाउंट्स’ में जमा करते थे, फिर एटीएम से निकालकर कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) के जरिए उन मध्यस्थों को भेजते थे, जिनके पास क्रिप्टो USDT का भंडार था। ये मध्यस्थ अपना 10% कमीशन काटकर बाकी पैसा P2P (पीयर-टू-पीयर) माध्यम से विदेश में बैठे साइबर धोखेबाजों को भेज देते थे। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह ने अब तक ₹50 करोड़ से ज़्यादा की क्रिप्टोकरेंसी विदेशों में भेजी है, जिनमें पाकिस्तान भी शामिल है।

गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, पाँच मोबाइल फोन, सात आधार कार्ड और भारतीय व नेपाली मुद्रा बरामद हुई है। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि अगर वे किसी भी साइबर अपराध का शिकार होते हैं तो तुरंत साइबर थाने में रिपोर्ट करें।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: Auraiya News: रिश्वत लेते पकड़े गए SDM, वायरल हुआ CCTV फुटेज, DM ने छीना चार्ज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.