Balrampur News: डीएम ने ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का किया निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन पर हुई बैठक, निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण पर जोर
Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर डीएम/जिला निर्वाचन अधिकारी पवन अग्रवाल ने रविवार को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में ईवीएम और वीवीपैट वेयरहाउस का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया और सभी कैमरे सही ढंग से संचालित पाए। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने रैंडम आधार पर पूर्व की रिकॉर्डिंग भी देखी।
डीएम ने परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और सतत निगरानी पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और चुनावी उपकरणों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
इसके बाद डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन-2025 और निर्वाचक नामावली के सतत पुनरीक्षण पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने बताया कि जिले में शिक्षक निर्वाचन के लिए 10 मतदान स्थल और 09 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही मतदाताओं की संख्या और मतदेय स्थलों का विवरण भी साझा किया गया।
डीएम अग्रवाल ने कहा कि निर्वाचक नामावली का पुनरीक्षण सतत प्रक्रिया है। ऐसे सभी नागरिक, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-06 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय, जिला पंचायत राज अधिकारी, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट : योगेंद्र त्रिपाठी
Also Read: बलरामपुर में टैक्स चोरी का पर्दाफाश, अन्तर्राज्यीय गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

