Balrampur News: ​गहने चुराने के लिए पति-पत्नी ने रची लूट की झूठी कहानी, फिर ऐसे खुल गई पोल

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पति-पत्नी ने मिलकर अपनी ही सास के गहनों को हड़पने के लिए दिनदहाड़े लूट का झूठा नाटक रचा। उन्होंने पुलिस को गुमराह करने के लिए तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की फर्जी शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस की गहन जांच में पूरा सच सामने आ गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

​बता दें कि मामले की शुरुआत 10 सितंबर को हुई, जब रामराज गौतम नामक व्यक्ति ने महाराजगंज तराई थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि शाम करीब 4:30 बजे तीन अज्ञात बदमाश उसके घर में घुस आए। बदमाशों ने उसकी पत्नी रीमा देवी को चाकू दिखाकर पायल, बिछुवा, कान का टप और घर में रखे 41,800 रुपये लूट लिए। ​पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

गवाहों से पुलिस ने की पूछताछ

थाना प्रभारी और उनकी टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। कॉल डिटेल रिकॉर्ड और ऑडियो क्लिप की भी बारीकी से जांच की गई। गवाहों से पूछताछ में पुलिस को कई विरोधाभास नजर आए। जब पुलिस ने रामराज और उसकी पत्नी रीमा से अलग-अलग पूछताछ की, तो उनके बयानों में अंतर आने लगा।​संयुक्त पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार, बहु रीमा देवी ने बताया कि उसकी सास के सोने-चांदी के गहने कमरे में रखे थे। लालच में आकर उसने उन गहनों को हड़पने की योजना बनाई और उन्हें कहीं छिपा दिया। पुलिस ने रीमा की निशानदेही पर एक जोड़ी पायल और चार बिछुवा बरामद किए। वहीं, ​रामराज ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह एक ट्रक ड्राइवर है। 10 सितंबर को तुलसीपुर में गिट्टी उतारने के बाद उसे मालिक को देने के लिए 41,800 रुपये मिले थे।

कुछ लोगों की सलाह पर उसने भी इस रकम को चोरी में दिखाकर फायदा उठाने का फैसला किया और झूठा केस दर्ज करा दिया। जबकि, उसने वह रकम ट्रक मालिक को भिजवा दी थी। पुलिस ने जब ट्रक मालिक से पूछताछ की, तो सारी सच्चाई सामने आ गई। ​पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि इस घटना से यह संदेश जाता है कि पुलिस की जांच से बच पाना नामुमकिन है, चाहे अपराध कितना भी चालाकी से क्यों न किया गया हो। उन्होंने मीडिया के माध्यम से लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील भी की।

Also Read: Balrampur News: 8 लाख की रंगदारी मांगने वाले साइबर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.