Balrampur News: रामस्वरूप विश्वविद्यालय के खिलाफ प्रदर्शन, SDM ने कार्रवाई का दिया आश्वासन

Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के सदस्यों ने रामस्वरूप विश्वविद्यालय के खिलाफ जिला मुख्यालय पर विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन विश्वविद्यालय पर लगे गंभीर आरोपों को लेकर किया गया, जिनमें छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़, सरकारी ज़मीन पर अवैध कब्ज़ा और नियमों के विरुद्ध पाठ्यक्रम चलाना शामिल है।

एबीवीपी ने अपनी मांगों के समर्थन में एक ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय ने लगभग 6 बीघा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्ज़ा कर लिया है, जिसमें नाली, तालाब, बंजर भूमि और चकमार्ग शामिल हैं। जांच के बाद, तहसीलदार कोर्ट ने विश्वविद्यालय पर 27.96 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था और 15 दिनों के भीतर अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ABVP की मांग

प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय बिना किसी अनुमति के ऐसे पाठ्यक्रम चला रहा है जो राज्य और राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप नहीं हैं। एबीवीपी ने मांग की कि छात्रों के भविष्य को खतरे में डालने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

मौके पर मौजूद अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (एडीएम) ज्योति राय ने प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की और उनकी मांगों को सुना। उन्होंने मीडिया को बताया कि प्रदर्शनकारियों ने एक ज्ञापन सौंपा है और उनकी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा, जिस पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

एडीएम ज्योति राय ने यह भी स्पष्ट किया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी और प्रशासन सभी पहलुओं पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा कि मामला फिलहाल शांत हो गया है, लेकिन अगर ऐसी स्थिति दोबारा बनी तो कार्रवाई ज़रूर होगी। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो वे फिर से प्रदर्शन करेंगे।

रिपोर्ट: योगेंद्र त्रिपाठी

 

Also Read: UP STF ने पकड़ा फर्जी भर्ती गैंग, युवाओं से ठगी कर रहे थे 5 आरोपी, दस्तावेज भी बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.