Balrampur News: राजकीय महाविद्यालय में एंट्री फीस का खेल, 1500 रुपये न देने पर छात्रों को परीक्षा से रोका

Balrampur News: बलरामपुर जनपद के पचपेड़वा (विजयनगर) स्थित राजकीय महाविद्यालय विजयनगर में परीक्षा देने आए छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। छात्रों का आरोप है कि महाविद्यालय के शिक्षक परीक्षा में बैठने के नाम पर प्रत्येक छात्र से 1500 रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। जिन छात्रों ने पैसे देने में असमर्थता जताई, उन्हें परीक्षा केंद्र के बाहर ही रोक दिया गया।

पुलिस के सामने चले लाठी-डंडे

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि जब छात्रों ने इस अवैध वसूली का विरोध किया, तो महाविद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी उग्र हो गए। आरोप है कि शिक्षकों ने पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में ही छात्रों को भद्दी-भद्दी गालियां दीं और लाठी-डंडे लेकर उन्हें दौड़ाया। शिक्षकों के इस व्यवहार से छात्र आक्रोशित हो गए और परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई। जवाब में छात्रों ने भी जमकर नारेबाजी की और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ अपना गुस्सा जाहिर किया।

जांच की मांग पर अड़े छात्र

हंगामे की सूचना पाकर पहुंची पुलिस टीम के सामने भी शिक्षकों का रवैया आक्रामक बना रहा। छात्रों का कहना है कि एक सरकारी कॉलेज में परीक्षा के लिए 1500 रुपये की मांग किस आधार पर की जा रही है, इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। छात्रों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषी शिक्षकों और कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि उनके भविष्य के साथ कोई खिलवाड़ न हो सके।

प्रशासनिक संज्ञान की प्रतीक्षा

इस मामले में अभी तक महाविद्यालय प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है। हालांकि, घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भी काफी रोष है। अब देखना यह है कि शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन इस गंभीर भ्रष्टाचार और छात्रों के साथ हुए दुर्व्यवहार पर क्या कार्रवाई करता है।

रिपोर्ट- योगेन्द्र विश्वनाथ त्रिपाठी

Also Read: Balrampur News: आरा मशीनों पर होती है अवैध व जंगली लकड़ियों की चिरान, वन विभाग की टीम ने बरामद की लकड़ी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.